चित्तौड़गढ़ जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर परिसीमन के विरोध में पंचायत चुनाव के बहिष्कार की घोषणा करते हुए ग्रामीण।

चित्तौड़गढ़। पूर्व में दर्ज कराई गई आपत्तियों को दरकिनार कर तीन गांवों का उनकी इच्छा के विरुद्ध परिसीमन किए जाने से भिल्या खेड़ा, होमपुरा, एकलिंगपुरा के ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आगामी पंचायती चुनाव के बहिष्कार के निर्णय से अवगत कराया है।

ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व में नगरी के वार्ड नंबर 9 के भिल्या खेड़ा, होमपुरा और एकलिंगपुरा को नगरी से हटाकर धोरड़िया पंचायत में शामिल किया जाना प्रस्तावित था। इस पर ग्रामवासियों ने तत्कालीन जिला कलेक्टर, एडीएम और एसडीओ को लिखित शिकायत दी थी। अधिकारियों ने इन गांवों को धोरड़िया में शामिल नहीं करते हुए आछोड़ा में जोड़ दिया, जिसे ग्रामीणों ने किसी भी दृष्टि से उचित नहीं बताया।

ग्रामीणों के अनुसार तीनों गांवों की नगरी से दूरी महज 3 किलोमीटर है, जबकि आछोड़ा 9 किलोमीटर दूर है। ऐसे में ग्रामवासियों को पेंशन, नरेगा काम, राशन आदि कार्यों के लिए बार-बार पैदल चलकर पंचायत मुख्यालय जाना पड़ता है। आने-जाने के लिए कोई सुलभ साधन भी उपलब्ध नहीं है। इससे वृद्धावस्था में असहाय ग्रामवासियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि शिकायत के बाद दो बार टीमें मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना कर चुकी हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। प्रशासन की ओर से निर्धन और असहाय ग्रामवासियों की शीघ्र सुनवाई नहीं किए जाने से ग्रामीणों ने एकराय होकर आगामी पंचायत चुनाव के बहिष्कार का निर्णय लिया है। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने अपने इस निर्णय से जिला प्रशासन को अवगत कराया है।

Tags: