सावन के पहले सोमवार खरड़ेश्वर महादेव में उमड़ा आस्था का सैलाब, तिरुपति बालाजी स्वरूप ने मोहा मन
चित्तौड़गढ़ के खरड़ेश्वर महादेव मंदिर में सावन के पहले सोमवार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तिरुपति बालाजी स्वरूप, भजन संध्या और शाही सवारी की तैयारियां बनीं आकर्षण।
तस्वीर में चित्तौड़गढ़ के खरड़ेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित भजन संध्या के दौरान नृत्य करते और बैठे हुए श्रद्धालु नजर आ रहे हैं।
चित्तौड़गढ़ में सावन के पहले सोमवार पर खरड़ेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अलसुबह से ही मंदिर परिसर में रुद्राभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम शुरू हो गया, जो पूरे दिन श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच चलता रहा। सांयकाल महादेव का तिरुपति बालाजी स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया, जिसके बाद महाआरती आयोजित हुई। महादेव के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर में श्रद्धालुओं को 2 क्विंटल खीर, 51 किलोग्राम मावा और 4 क्विंटल केले का प्रसाद वितरित किया गया।
सावन मास की शुरुआत के साथ ही खरड़ेश्वर महादेव मंदिर परिसर में बादलों की गंगा ग्रुप द्वारा प्रतिदिन भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। सावन के पहले सोमवार के अवसर पर आयोजित भजन संध्या में गायक माही जोशी, अभिनंदन काबरा, अभिषेक मूंदड़ा, सुमित हेड़ा और अशोक जोशी ने भजनों की प्रस्तुति दी। गायक माही जोशी ने 'जगन्नाथ चका नैन', 'मेरे उज्जैन के महाकाल' और 'वीर हनुमान' सहित कई भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भजनों की मधुर प्रस्तुति पर श्रद्धालु देर रात तक मंदिर परिसर में झूमते और थिरकते रहे।
खरड़ेश्वर महादेव सेवा पूजा संस्थान के सहमंत्री देवराज साहू ने बताया कि सावन मास के दौरान प्रतिदिन भगवान महादेव का विविध स्वरूपों में आकर्षक श्रृंगार किया जा रहा है। महादेव का भांग, काजू, बादाम, विभिन्न प्रकार के फूलों, रंगों और रंगोली से विशेष श्रृंगार किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। उन्होंने बताया कि आगामी 16 अगस्त को खरड़ेश्वर महादेव की शाही सवारी निकाली जाएगी। शाम 6:30 बजे गांधी चौक से निकलने वाली यह शाही सवारी शहर के विभिन्न मार्गों से होकर पुनः खरड़ेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां महाआरती का आयोजन किया जाएगा। शाही सवारी में ऊंट, घोड़े, ढोल, सुरमयी स्वर बिखेरते बैंडबाजे तथा सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
खरड़ेश्वर महादेव मंदिर में सावन के अवसर पर कौमी एकता की मिसाल भी देखने को मिल रही है। मंदिर परिसर में इकबाल गुलशन द्वारा आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। वे पिछले कई वर्षों से सावन मास, महाशिवरात्रि और दीपावली के अवसर पर खरड़ेश्वर महादेव मंदिर परिसर में विद्युत सज्जा करते आ रहे हैं। श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द का यह संगम सावन के पहले सोमवार पर मंदिर परिसर में विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।