वंडर सीमेंट ने ‘वंडर वृक्ष रथ’ को किया रवाना, 25 हजार से अधिक पौधों के रोपण व वितरण का लक्ष्य

निंबाहेड़ा स्थित वंडर सीमेंट लिमिटेड ने नीव इनिशिएटिव के तहत ‘वंडर वृक्ष रथ’ का शुभारंभ किया। वर्ष 2026-27 में 25 हजार से अधिक पौधों के रोपण एवं वितरण का लक्ष्य रखा गया है। जानिए किन गांवों और क्षेत्रों में चलेगा यह विशेष अभियान।

Update: 2026-08-04 13:03 GMT

तस्वीर में वंडर सीमेंट लिमिटेड के प्लांट परिसर के सामने 'वंडर वृक्ष रथ' को हरी झंडी दिखाते हुए यूनिट हेड नितिन जैन और कंपनी के अन्य अधिकारी व कर्मचारी नजर आ रहे हैं।

निंबाहेड़ा। वंडर सीमेंट लिमिटेड, निम्बाहेड़ा के नीव इनिशिएटिव के तहत मंगलवार को कंपनी के यूनिट हेड नितिन जैन ने ‘वंडर वृक्ष रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 के वृक्षारोपण महोत्सव के अंतर्गत कंपनी ने परियोजना क्षेत्र के सभी गांवों तथा प्लांट परिसर में लगभग 25 हजार से अधिक पौधों के रोपण एवं वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है।

नितिन जैन ने कहा कि इस वर्ष वंडर वृक्ष रथ के माध्यम से फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का अधिकाधिक वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि “वृक्ष ही जीवन का सार है, पेड़ लगाकर करे प्रकृति से प्यार” संदेश के साथ लोगों को पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वंडर सीमेंट लिमिटेड द्वारा परियोजना के प्रारंभ से ही प्लांट, माइंस, कॉलोनी क्षेत्र एवं आसपास के गांवों में प्रतिवर्ष वृक्षारोपण एवं संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में वंडर वृक्ष रथ के माध्यम से ग्राम पंचायत करूण्डा, फलवा, फाचर अहिरान, लसड़ावन एवं बड़ोली माधोसिंह के राजकीय विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, स्वास्थ्य संस्थानों तथा कंपनी द्वारा विकसित वंडर सीमेंट पंचफल उद्यान, धनोरा, बड़ोली माधोसिंह एवं लसड़ावन सहित गांवों के प्रमुख मार्गों पर पौधारोपण किया जाएगा।

इसके साथ ही इच्छुक किसानों को उनके खेतों में फलदार पौधों की बाड़ी विकसित करने के लिए पर्याप्त मात्रा में फलदार पौधों का वितरण भी किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वंडर वृक्ष रथ के माध्यम से पौधों के वितरण के साथ-साथ कंपनी द्वारा परियोजना क्षेत्र के गांवों के प्रमुख मार्गों पर ट्री गार्ड सहित वृक्षारोपण कर उनका नियमित रखरखाव भी किया जा रहा है।

वंडर वृक्ष रथ के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित वृक्षारोपण एवं पौध वितरण अभियान के माध्यम से परियोजना क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और पौधों के संरक्षण को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

Tags:    

Similar News