तस्वीर में कानोड़ तहसीलदार कार्यालय के बाहर भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता चिकित्सालय की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।

कानोड़ राजकीय चिकित्सालय में चिकित्सकों और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस कानोड़ ने जिला कलेक्टर के नाम तहसीलदार कानोड़ को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सुधार की मांग की। यूथ कांग्रेस ने अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों की परेशानियों का हवाला देते हुए आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

यूथ कांग्रेस अध्यक्ष रौनक सोनी ने बताया कि कानोड़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय पर निर्भर हैं। चिकित्सकों की कमी और आवश्यक सुविधाओं के अभाव के कारण मरीजों को उपचार के लिए उदयपुर सहित अन्य शहरों में जाना पड़ रहा है।

ज्ञापन में अस्पताल में फिजिशियन, सर्जन, शिशु रोग विशेषज्ञ और स्त्री रोग विशेषज्ञ सहित आवश्यक चिकित्सकों की नियुक्ति करने की मांग की गई। इसके साथ ही सोनोग्राफी मशीन को पुनः चालू करवाने, आवश्यक दवाइयों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अस्पताल में 24×7 आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू करने की मांग रखी गई।

इस दौरान यूथ कांग्रेस अध्यक्ष रौनक सोनी, पूर्व उप चेयरमैन बाबू लाला रैगर, मानव कोठारी, राहुल मोहिल, शाहिद हुसैन, उमेश भोई, बबलेश वैष्णव, देवेंद्र रैगर, अभी जोशी, पवन खटीक, रौनक अग्रवाल, पार्थ, विकास सोनी एवं परीक्षित सहित यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रशासन से ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। कानोड़ राजकीय चिकित्सालय में चिकित्सकों की नियुक्ति, सोनोग्राफी सुविधा की बहाली और 24×7 आपातकालीन सेवाओं की मांग से क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की आवश्यकता सामने आई है।

Tags: