9 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान को लेकर चित्तौड़गढ़ में तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी पर जोर दिया।
तस्वीर में चित्तौड़गढ़ के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के कक्ष में जिला कलक्टर डॉ. मंजू और अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।
चित्तौड़गढ़। आगामी हर घर तिरंगा अभियान के सफल एवं प्रभावी आयोजन को लेकर गुरुवार को मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में शासन सचिवालय स्थित कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले से सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष से जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने भाग लिया।
बैठक के दौरान 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों, व्यापक जनभागीदारी तथा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं जागरूकता का वातावरण बनाने पर विशेष बल दिया गया।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने जिले के समस्त संबंधित अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जाए।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान से संबंधित सभी गतिविधियों का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए तथा निर्धारित कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अति कलक्टर दिनेश धाकड़, मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। हर घर तिरंगा अभियान के सफल आयोजन और व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।