आकोला व आसपास के मठ-आश्रमों में 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव की धूम, तैयारियां अंतिम चरण में

आकोला, संगेसरा और आसपास के मठ-आश्रमों में 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। सुंदरकांड, सत्संग, गुरु पूजन और भजन संध्या की तैयारियां तेज हैं।

Update: 2026-07-25 12:58 GMT

तस्वीर में आकोला क्षेत्र के एक मठ परिसर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियों के दौरान उपस्थित संत और श्रद्धालु दिखाई दे रहे हैं।

चित्तौड़गढ़ जिले के आकोला क्षेत्र में गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर विभिन्न मंदिरों और आश्रमों में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर गुरु पूर्णिमा पर्व के अवसर पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। क्षेत्र में कई स्थानों पर यह पर्व 29 जुलाई को मनाया जाएगा।

आकोला के निकटवर्ती संगेसरा गांव स्थित प्राचीन मठ पर दशनाम जूना अखाड़ा के महंत रामचंद्र गिरी महाराज के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया जाएगा। वहीं कस्बे के अखाड़ा चौक स्थित नृसिंह द्वारा मंदिर में महंत श्री 108 श्री बजरंग दास जी त्यागी के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन होगा।

महंत श्री 108 श्री बजरंग दास जी त्यागी ने बताया कि 28 जुलाई को रात्रि 8 बजे संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं सत्संग का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 29 जुलाई को प्रातः 11 बजे गुरु पूजन के साथ महाप्रसाद का आयोजन होगा। इस अवसर पर स्वर्गीय गुरुदेव नन्दरामदास महाराज की चरण पादुका का भी विधिवत पूजन किया जाएगा।

इसी क्रम में पारी खेड़ा स्थित जगदीश पुरी महाराज के सान्निध्य में भजन संध्या का आयोजन होगा। वहीं मंगरी वाले बाबा के महंत हिरानाथ महाराज के सान्निध्य में रात्रि को विशाल भजन संध्या आयोजित की जाएगी। ताणा मठ पर भी गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। इसके अलावा जोधनाथ बंगाल में माधु महाराज के सान्निध्य सहित विभिन्न मठों और आश्रमों में भी गुरु पूर्णिमा की धूम रहेगी।

गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर दूर-दराज से श्रद्धालुओं के अपने गुरु का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचने की संभावना है। धार्मिक आयोजनों को लेकर संबंधित मठों और आश्रमों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

Tags:    

Similar News