चित्तौड़गढ़ जेल में हत्यारोपियों की पार्टी का वीडियो वायरल, दो मोबाइल मिले
चित्तौड़गढ़ जिला जेल में अजयराज सिंह हत्याकांड के आरोपियों का पार्टी करते वीडियो वायरल हुआ। जेल के अंदर नशा, डांस और दावत के वीडियो सामने आने के बाद दो मोबाइल बरामद कर 8 बंदियों पर मामला दर्ज किया गया।
तस्वीर में चित्तौड़गढ़ जिला जेल के अंदर बंदी खाना खाते, नजर आते और कमरे में मौजूद दिखाई दे रहे हैं।
चित्तौड़गढ़। रिटायर्ड एएसआई के बेटे अजयराज सिंह हत्याकांड के आरोपियों का जिला जेल के अंदर पार्टी करते हुए वीडियो सामने आने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में आरोपी जेल परिसर में नशा करते, डांस करते और दाल-बाटी, चूरमा की दावत करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो जेल के अंदर ही मोबाइल से बनाया गया और गुरुवार को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया।
वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने आनन-फानन में पूरी जेल की तलाशी करवाई, जिसमें दो मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके बाद जेल प्रहरी ने कोतवाली थाने में 8 बंदियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। जिला जेल से तीन वीडियो सामने आए हैं, जिनमें बहुचर्चित अजयराज सिंह हत्याकांड के आरोपी दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में गंगरार थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर ईश्वर सिंह उर्फ हरिओम सिंह, हर्षवर्धन सिंह, भैरूलाल गुर्जर सहित करीब 8 आरोपी नजर आ रहे हैं। तीनों वीडियो 23 जुलाई की शाम के बताए जा रहे हैं। पहले वीडियो में करीब 10 से 12 बंदी एक साथ बैठकर आराम से खाना खाते दिखाई दे रहे हैं। दूसरे वीडियो में कुछ बंदी नशा करते नजर आ रहे हैं, जबकि तीसरे वीडियो में यही बंदी डांस करते दिखाई दे रहे हैं। पूरा वीडियो एक बंदी ने मोबाइल से सेल्फी मोड में रिकॉर्ड किया है।
वीडियो सामने आने के बाद जेल के अंदर मोबाइल के इस्तेमाल और बंदियों को मिल रही सुविधाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पिछले साल एक जून को बजरी विवाद के दौरान रिटायर्ड एएसआई के बेटे अजयराज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच के दौरान दो दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब उन्हीं आरोपियों में से कुछ जेल के अंदर पार्टी करते हुए नजर आए हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन ने शुक्रवार को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि 23 जुलाई की शाम करीब 7.30 बजे सोशल मीडिया पर जेल के अंदर से बनाए गए वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद जेल अधीक्षक की मौजूदगी में ड्यूटी स्टाफ के साथ पूरे जेल परिसर की तलाशी ली गई।
पूछताछ के दौरान ए वार्ड के सेल नंबर-3 में बंद विचाराधीन बंदी मोहित पुत्र दलबीर सिंह की निशानदेही पर उसके वार्ड के सामने स्थित एसटीडी कक्ष के अंदर स्टोर रूम से पन्नी में लपेटकर रखा गया एक मोबाइल बरामद किया गया। इसके अलावा महिला वार्ड के सामने एक पेड़ की जड़ों के पास लावारिस हालत में गोल्डन रंग का एक और मोबाइल फोन मिला। दोनों मोबाइल जब्त कर पुलिस को भेज दिए गए।
जेल प्रशासन ने वीडियो में दिख रहे 8 बंदियों के नाम पुलिस को सौंपे हैं। इनमें हरियाणा के रोहतक निवासी मोहित पुत्र दलबीर सिंह, राशमी निवासी हर्षवर्धन सिंह, गंगरार निवासी भैरूलाल गुर्जर, ईश्वर सिंह उर्फ हरिओम सिंह, सत्यनारायण गुर्जर, विजयपुर निवासी प्रहलाद गुर्जर, गंगरार निवासी शोभालाल और हमीरगढ़ निवासी विनोद गुर्जर शामिल हैं।
जेल प्रशासन ने आरोप लगाया कि इन बंदियों ने जेल के अंदर प्रतिबंधित सामग्री मंगवाई और उसका उपयोग किया। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने जेल प्रहरी वेदराम की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक पारस कुमार को सौंप दी है।
जेल अधीक्षक नरेंद्र स्वामी ने बताया कि सूचना मिली थी कि कैदियों ने वीडियो वायरल किया है। बैरक में ही पार्टी कर रहे थे। इस संबंध में कोतवाली में प्राथमिकी दे दी गई है, जिसके बारह में जांच की जा रही है। मामले में पुलिस और जेल प्रशासन की जांच के बाद ही जेल के अंदर मोबाइल पहुंचने और प्रतिबंधित सामग्री के इस्तेमाल की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।