किराणा दुकान के मुनीम ने लगाया फंदा, मोबाइल कॉल के बाद आत्महत्या की आशंका

बस्सी में किराणा दुकान के मुनीम सत्यनारायण भील ने फंदा लगाकर दी जान, मोबाइल कॉल और प्रेम प्रसंग की आशंका के बीच पुलिस जांच जारी

Update: 2026-07-25 13:42 GMT

बस्सी के पुराने बस स्टैंड स्थित कोठारी की किराणा दुकान पर काम करने वाले मुनीम सत्यनारायण भील ने दुकान की ऊपरी मंजिल पर फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद दुकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव को उतारकर बस्सी उपजिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया।

जानकारी के अनुसार सत्यनारायण भील निवासी नेगड़ियाखुर्द, कोठारी की किराणा दुकान पर मुनीम का काम करता था। शनिवार दोपहर वह दुकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान मोबाइल पर बात करते हुए उसने दुकान मालिक से खाना खाने के लिए ऊपर जाने की बात कही। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर जब ऊपर जाकर देखा गया तो सत्यनारायण फंदे पर लटका हुआ मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में शव को फंदे से उतारकर बस्सी उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुनीम सत्यनारायण भील के मोबाइल में एक नंबर के 20 से ज्यादा मिस कॉल पड़े हुए थे और वह लगातार फोन पर बात कर रहा था। ऐसे में प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

खाना खाने से पहले ही उठाया कदम

बताया गया कि सत्यनारायण भील खाना खाने के लिए दुकान की ऊपरी मंजिल पर गया था, लेकिन खाना खाने से पहले ही उसने रस्सी से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार शव उतारने के दौरान वहां भोजन भी रखा हुआ था और मुनीम ने खाना नहीं खाया था।

बता दें कि सत्यनारायण भील पिछले 15 सालों से इसी दुकान पर काम कर रहा था। घटना के पीछे वास्तविक मामला क्या है, इसका पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Tags:    

Similar News