प्रांत गौ-विज्ञान परीक्षा 2026 की तैयारियां शुरू, पत्रक का विमोचन, जिला व प्रांत स्तर पर मिलेंगे नकद पुरस्कार

निंबाहेड़ा में गौ-विज्ञान परीक्षा 2026 को लेकर प्रांतीय बैठक हुई। परीक्षा पैटर्न में बदलाव के साथ जिला व प्रांत स्तर पर नकद पुरस्कार की घोषणा की गई।

Update: 2026-08-03 13:25 GMT

तस्वीर में अलख वेद गुरुकुल, पुठवाड़िया के प्रांगण में गौ-विज्ञान परीक्षा 2026 के पत्रक का विमोचन करते हुए प्रांत प्रचारक आदरणीय श्री मुरलीधर जी और अन्य उपस्थित कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।

अलख वेद गुरुकुल, पुठवाड़िया (राशमी) में गौसेवा गतिविधियों एवं गौ-विज्ञान परीक्षा 2026 के आयोजन को लेकर प्रांतीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों, आयोजन प्रक्रिया और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई तथा गौ-विज्ञान परीक्षा 2026 के पत्रक का भी विमोचन किया गया।

गो विज्ञान परीक्षा 2026 के प्रांत संयोजक बी.सी. पांडेय ने बताया कि इस वर्ष परम पूज्य माधव गौ विज्ञान एवं अनुसंधान समिति, भीलवाड़ा/जोधपुर द्वारा आयोजित होने वाली गो विज्ञान परीक्षा की तैयारियों एवं कार्ययोजना पर विस्तृत मंथन किया गया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार परीक्षा के पैटर्न में व्यापक परिवर्तन किया गया है। साथ ही पहली बार जिला एवं प्रांत स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 2100 रुपये, 1500 रुपये एवं 1100 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। वहीं, इन्हीं प्रतिभागियों में से प्रांत स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 21000 रुपये, 11000 रुपये एवं 5100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

परीक्षा के प्रांत सह-संयोजक श्री पवन कुमार जी गोगुंदा ने बताया कि परीक्षा में राजकीय एवं निजी विद्यालयों की कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थी तथा कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थी भी भाग ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा के सफल आयोजन एवं आवश्यक विभागीय सहयोग के लिए श्रीमान निदेशक महोदय माध्यमिक शिक्षा, बीकानेर द्वारा शिक्षा विभाग के सभी संभागीय संयुक्त निदेशक एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों को लिखित निर्देश भी जारी किए गए हैं।

बैठक के दौरान गौ-विज्ञान परीक्षा के पत्रक का विमोचन प्रांत प्रचारक आदरणीय श्री मुरलीधर जी, क्षेत्र गो सेवा संयोजक श्रीमान राजेंद्र जी पामेचा, प्रांत गो सेवा संयोजक श्रीमान भंवरलाल जी भाम्बी तथा प्रांत गो सेवा सह-संयोजक द्वय श्रीमान धनराज जी मालव एवं श्रीमान देवाराम जी के करकमलों द्वारा किया गया।

बैठक में प्रदेश के 28 जिलों से लगभग 50 कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। सभी ने गौसेवा गतिविधियों तथा गौ-विज्ञान परीक्षा 2026 को अधिकाधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Tags:    

Similar News