निकाय-पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस की रणनीति बैठक, बूथ स्तर पर जीत की तैयारी तेज
चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस की निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर बैठक हुई, जिसमें बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की रणनीति बनाई गई।
तस्वीर में चित्तौड़गढ़ में आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक के दौरान मंच पर मौजूद पदाधिकारी और सामने कुर्सियों पर बैठे कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला संगठन प्रभारी छोटू राम मीणा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक में आगामी नगर निकाय एवं पंचायत राज चुनावों को लेकर कांग्रेस की रणनीति और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की गई।
बैठक में जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया और जिला संगठन प्रभारी छोटू राम मीणा ने कांग्रेस पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि समय पूरा होने के बावजूद भी भाजपा की सरकार ने नगर निकाय एवं पंचायत राज के चुनाव नहीं करवाये, जिससे शहरी एवं ग्रामीण विकास बिल्कुल खत्म हो गया है।
उन्होंने बताया कि अब न्यायालय द्वारा राजस्थान चुनाव आयोग को नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों की तारीख घोषित कर इन चुनावों को नवंबर से पूर्व करवाने हेतु निर्देशित किया गया है। इसके मद्देनजर बूथ इकाई से लेकर जिले तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टीम को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
बैठक में पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वार्ड एवं पंचायत स्तर पर जीतने योग्य उम्मीदवारों को आगे लाया जाए और जहां संगठन कमजोर है, वहां उसे मजबूत किया जाए। बूथ स्तर पर टीम को इतना प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया कि वह यह जानकारी रख सके कि किस गली से कौन मतदाता आना बाकी है और उसे किस तरह मतदान केंद्र तक लाकर अपना मत दिलवाया जा सकता है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि चुनावों से पहले घर-घर जाकर कांग्रेस की रीति-नीति के बारे में लोगों को जानकारी देनी होगी। कांग्रेस द्वारा किए गए कार्यों को जनता तक पहुंचाने और भाजपा की कमियों को उजागर करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। चुनाव में कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां देकर उन्हें अपने दायित्व के अनुसार कार्य करने के लिए तैयार किया जाएगा।
बैठक में कहा गया कि कांग्रेस मजबूत है, लेकिन चुनाव से पहले सभी रणनीतियां तैयार कर संगठन को और मजबूती प्रदान करनी होगी, तभी नगर एवं पंचायत स्तर पर कांग्रेस को विजय श्री दिलाई जा सकेगी।
बैठक को राजेंद्र सिंह विधूड़ी, प्रकाश चौधरी, पीयूष त्रिवेदी, ललित बोरीवाल, रंजना शर्मा, दिनेश चाष्टा, राजेंद्र आर्य, यशोदा पुरोहित, अल्पेश गोस्वामी, प्रमोद मोदी, गोपाल अंजना, उत्सव भाणावत और अभय मेहता, दिनेश गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन अहसान पठान ने किया। बैठक में जिले के सैकड़ों पदाधिकारी मौजूद रहे।