आकोला में कांग्रेस ने निकाय चुनाव का फूंका बिगुल, बीजेपी को झटका, जिताऊ-टिकाऊ कार्यकर्ताओं पर रहेगा फोकस

आकोला में कांग्रेस की निकाय चुनाव बैठक में संगठन मजबूत करने की रणनीति बनी। बीजेपी छोड़ कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुआ, जिससे चुनावी सरगर्मियां तेज हो गईं।

Update: 2026-08-03 13:23 GMT

तस्वीर में आकोला नगर निकाय चुनाव की बैठक के दौरान कांग्रेस नेता मंच पर कार्यकर्ताओं के साथ नजर आ रहे हैं।

आकोला में आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी आकोला की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती, चुनावी रणनीति और टिकट वितरण के मानकों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त नगर निकाय चुनाव कोऑर्डिनेटर राजेंद्र आर्य एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं स्थानीय पीसीसी सदस्य डॉ. ललित बोरीवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए राजेंद्र आर्य ने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस ऐसे जिताऊ एवं टिकाऊ कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देगी, जो संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा रखते हों, जनता के बीच सक्रिय हों तथा कांग्रेस की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हों। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में कार्यकर्ता की सक्रियता, जनस्वीकार्यता, संगठन के प्रति समर्पण तथा चुनाव जीतने की क्षमता को प्रमुख आधार बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से प्रत्येक वार्ड में जनसंपर्क अभियान प्रारंभ कर कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं स्थानीय पीसीसी सदस्य डॉ. ललित बोरीवाल ने कहा कि कांग्रेस सदैव आमजन की जरूरतों, अधिकारों और जनसेवा की राजनीति करने वाली पार्टी रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में आमजन महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल नगर व्यवस्थाओं तथा मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान है। प्रदेश की जनता अब यह महसूस करने लगी है कि उनकी समस्याओं का समाधान और विकास की वास्तविक सोच केवल कांग्रेस के पास है। उन्होंने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव जनसेवा का अवसर है तथा कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता को एकजुट होकर जनता के बीच पहुंचना होगा और लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा की जनविरोधी नीतियों का मुकाबला करना होगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसजन पूर्व प्रधान भगवतीलाल हिंगड़, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम टांक, कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष ममतेश शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। पूर्व प्रधान भगवतीलाल हिंगड़ ने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर कांग्रेस पार्टी को विजयी बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से संकल्प लिया कि आगामी नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा, आपसी एकता एवं अनुशासन के साथ कार्य किया जाएगा तथा कांग्रेस की विजय सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मैदान में उतरकर कार्य करेगा।

अंत में नगर कांग्रेस कमेटी आकोला के अध्यक्ष अनिल सहलोत ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आकोला नगर कांग्रेस संगठन के निर्देशों के अनुरूप पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटेगी तथा कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर कार्य करेगी।

इधर, आगामी नगर पालिका एवं निकाय चुनावों को लेकर आकोला में राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। प्रभारी की उपस्थिति में आयोजित विशेष बैठक के दौरान चुनावी रणनीति, बूथ स्तर के प्रबंधन तथा आगामी प्रचार अभियानों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।

बैठक के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में बीजेपी छोड़ एक कार्यकर्ता ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। कांग्रेस नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक में सैकड़ों कार्यकर्ताओं सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। निकाय चुनाव से पहले हुई इस बैठक ने क्षेत्र की चुनावी गतिविधियों को नई गति दे दी है।

Tags:    

Similar News