संयुक्त राष्ट्र महासभा से लौटने पर सांसद सीपी जोशी का चित्तौड़गढ़ में भव्य स्वागत करते भाजपा नेता।

संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर चित्तौड़गढ़ लौटे पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी का जिला भाजपा कार्यालय में भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का पक्ष रखने के बाद पहली बार चित्तौड़गढ़ पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें तस्वीर और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सांसद जोशी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत का प्रतिनिधित्व करने के अवसर को गौरव और जिम्मेदारी का विषय बताया।

सांसद सीपी जोशी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत का पक्ष प्रस्तुत करना उनके लिए गर्व की बात रही। यह उपलब्धि पूरे चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र और भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इस अवसर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा और पहचान में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। आज विश्व भारत को सम्मान की दृष्टि से देखता है और वैश्विक मुद्दों पर भारत प्रभावी भूमिका निभा रहा है।

जोशी ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र में सुरक्षा परिषद में सुधार, सभी देशों को उचित प्रतिनिधित्व, आतंकवाद के विरुद्ध भारत के दृढ़ रुख और वैश्विक शांति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देश का पक्ष रखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से भारतीय संस्कृति को वैश्विक पहचान मिली है। संयुक्त राष्ट्र में हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी में वक्तव्य प्रस्तुत करना भी उनके लिए विशेष गौरव का क्षण रहा। दुनिया में हिंदी के प्रति बढ़ती रुचि भारत की सांस्कृतिक विरासत की व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाती है।

उन्होंने तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं में भारत के योगदान का भी उल्लेख किया।

पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि सांसद सीपी जोशी को संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने का अवसर मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का पक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर चित्तौड़गढ़ और राजस्थान का मान बढ़ाया है। कृपलानी ने भी इस अवसर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने भाजपा जिला चित्तौड़गढ़ की ओर से सांसद जोशी का स्वागत-अभिनंदन करते हुए इस उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन रघु शर्मा ने किया।

इस दौरान गोपाल कुमावत, श्रावण सिंह राव, डॉ. आई. एम. सेठिया, कमलेश पुरोहित, हर्षवर्धन सिंह, सागर सोनी, बद्रीलाल जाट, अशोक नवलखा, गब्बर सिंह अहीर, भैरुसिंह चौहान, सुशीला जीनगर, सभापति अनिल ईनानी, सरोज बारेगामा, सुधीर जैन और नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी मंचासीन रहे।

इस अवसर पर सीपी नाम नामधराणी, गोवर्धन जाट, गोपाल चौबे, हरीश ईनानी, मनोज पारीक, नंदकिशोर लोहार, कुलदीप चतुर्वेदी, संजु लड्डा, दीपक शर्मा, भंवर सिंह खरड़ी बावड़ी, हीरालाल रायका, अनिल सुखवाल, गजेन्द्र सिंह, राजू दशोरा, विदुषी बिल्लु, कपिल चौधरी, राजेन्द्र सिंह शक्तावत, अशोक जाट, मदनलाल धाकड़, मंडल पदाधिकारी, महामंत्री और पार्षदगण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने भी किया स्वागत

संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत और मेवाड़ का गौरव बढ़ाकर लौटे सांसद सीपी जोशी का विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। न्यूयॉर्क से वापसी के बाद पहली बार चित्तौड़गढ़ पहुंचने पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में विधायक आक्या ने राजस्थानी परंपरा के अनुसार सांसद जोशी को मेवाड़ का पारंपरिक साफा पहनाया, दुपट्टा ओढ़ाया और विशाल पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

विधायक आक्या ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर मेवाड़ और देश का नाम रोशन करने के लिए सांसद जोशी को बधाई दी। उन्होंने जोशी के उज्ज्वल राजनीतिक एवं सार्वजनिक भविष्य के लिए मंगलकामनाएं भी प्रेषित कीं। संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के बाद चित्तौड़गढ़ में हुए इन स्वागत कार्यक्रमों के जरिए सांसद जोशी की अंतरराष्ट्रीय भूमिका को लेकर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

Tags: