आकोला के केपीएस स्कूल के विजेता छात्र जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में पदक जीतकर अतिथियों के साथ मंच पर।

शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में केपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, आकोला के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हर्डल रेस में स्वर्ण और रजत पदक पर कब्जा जमाया। इसके अलावा विद्यालय की टीम ने रिले रेस प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

हर्डल रेस में विद्यालय के छात्र मनीष बंजारा ने जिले के सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसी स्पर्धा में विद्यालय के एक अन्य होनहार छात्र जयराज सेन ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने दूसरा स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल जीता। इस तरह हर्डल रेस में केपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने पहले और दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया।

वहीं, रिले रेस प्रतियोगिता में केपीएस स्कूल की टीम ने बेहतरीन टीम वर्क का परिचय देते हुए तीसरा स्थान हासिल किया और ब्रोंज मेडल जीता। विद्यार्थियों ने ये सभी उपलब्धियां विद्यालय के शारीरिक शिक्षक मुस्तकिम जी बरेजा के निर्देशन में प्राप्त कीं।

खेलकूद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन राजेन्द्र सहलोत, डायरेक्टर जितेन्द्र सहलोत और समस्त स्टाफ ने विजेता छात्रों को बधाई दी। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और खेल शिक्षक के मार्गदर्शन का परिणाम है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर केपीएस स्कूल के विद्यार्थियों ने विद्यालय का नाम रोशन किया।

Tags: