बड़ी सादड़ी स्थित पीएम श्री बालिका विद्यालय में सामान्य ज्ञान परीक्षा के सफल आयोजन और परिणाम को लेकर बैठक करते प्रधानाचार्य व शिक्षक स्टाफ।

बड़ी सादड़ी स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं को प्रतियोगिता परीक्षाओं के लिए तैयार करने और सामान्य ज्ञान में बेहतर प्रदर्शन के उद्देश्य से प्रधानाचार्य ने एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत छात्राओं को नियमित रूप से सामान्य ज्ञान के प्रश्नों का अभ्यास कराया जा रहा है और मासिक परीक्षा के माध्यम से उनकी तैयारी का आकलन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जा रहा है।

विद्यालय की प्रार्थना सभा में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपयोगी सामान्य ज्ञान के प्रश्न लिखवाए जाते हैं। अगले दिन प्रार्थना सभा में छात्राओं से इन्हीं प्रश्नों को पूछा जाता है। महीने के अंतिम दिन पूरे महीने पूछे गए प्रश्नों में से प्रश्नपत्र तैयार कर परीक्षा आयोजित की जाती है। कक्षा 6 से 8 और कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं के लिए अलग-अलग प्रश्नपत्र तैयार किए जाते हैं, ताकि दोनों वर्गों की छात्राओं की तैयारी का अलग-अलग आकलन किया जा सके। परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को नकद राशि प्रदान की जाती है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य की इस पहल का समस्त स्टाफ ने स्वागत किया है। शिक्षकों ने इसे सफल बनाने और छात्राओं की तैयारी में सहयोग करने का भरोसा दिलाया है। इसी क्रम में अगस्त माह के अंतिम दिवस को सामान्य ज्ञान की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने भाग लिया।

परीक्षा में प्रथम स्थान पर कक्षा 12 विज्ञान वर्ग की छात्रा सुश्री मोनिका मेघवाल रहीं। द्वितीय स्थान पर कक्षा 12 विज्ञान वर्ग की ही छात्रा प्रियंका मेघवाल ने जगह बनाई। वहीं, तृतीय स्थान पर कक्षा 12 वर्ग की दो छात्राओं करिश्मा मीणा और लक्ष्मी भोई ने स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ ने विजेता छात्राओं को नकद पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया। इनमें प्रधानाचार्य रिंकू कुमार जी मीणा, उप प्राचार्य श्री भैरूलाल सालवी एवं श्री बालूराम मेघवाल, प्राध्यापक श्रीमती सुमन व्यास, अंजुम शेख, नरेश कुमार गर्ग, राजेश शर्मा, वरिष्ठ अध्यापिका सुश्री फरहीन बानो, विमला देवी, सुनीता सेन, सुमन शक्तावत, राजा रानी राठौड़ तथा वरिष्ठ अध्यापक पवन कुमार, भगवान लाल कुमावत, सुनिल मेनारिया, धर्मेंद्र कुमार, भूपेन्द्र सिंह और पुष्कर जणवा शामिल रहे।

विद्यालय में शुरू की गई इस पहल के माध्यम से छात्राओं को नियमित अभ्यास, प्रश्नों के दोहराव और मासिक परीक्षा के जरिए प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सामान्य ज्ञान तैयार करने का अवसर मिल रहा है। छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए नकद पुरस्कार देने की व्यवस्था भी इसी पहल का हिस्सा है। उक्त जानकारी उप प्राचार्य बालूराम मेघवाल ने दी।

Tags: