तस्वीर में चित्तौड़गढ़ में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था और आगामी आयोजनों की समीक्षा बैठक करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

चित्तौड़गढ़ में आगामी त्योहारों और चुनाव को देखते हुए पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने शनिवार को पुलिस लाइन स्थित अन्वेषण भवन में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग लेकर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी आयोजनों के दौरान पुलिस व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था और अपराध की स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने गंभीर एवं संवेदनशील प्रकरणों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने, वांछित अपराधियों की धरपकड़ करने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के साथ प्रमुख धार्मिक स्थलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर आवश्यक पुलिस जाप्ता तैनात करने तथा आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

चुनाव को लेकर भी जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने आवश्यक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाने तथा असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक एवं प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखने पर जोर दिया गया। भ्रामक, अफवाहजनक अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन से बेहतर समन्वय और संवाद स्थापित कर पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा, अशोक मीणा, सुगनचंद पंवार, गोपाल सिंह कानावत सहित जिले के सभी पुलिस उप अधीक्षक एवं थाना अधिकारी उपस्थित रहे। आगामी त्योहारों और चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को क्षेत्रवार सतर्कता, निगरानी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Tags: