तस्वीर में उदयपुर में आयोजित आईएपी क्विज प्रतियोगिता के दौरान विजेता छात्र-छात्राएं और फैकल्टी सदस्य सर्टिफिकेट के साथ नजर आ रहे हैं।

चित्तौड़गढ़। उदयपुर में आयोजित आई.ए.पी. यूजी एवं पीजी क्विज प्रतियोगिता में राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय चित्तौड़गढ़ की टीम ने यूजी वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर जिले और मेडिकल कॉलेज का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और एम्स जोधपुर की टीमों सहित 10 यूजी एवं 8 पीजी टीमों ने भाग लिया।

इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स सोसायटी उदयपुर की ओर से आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल उदयपुर के बाल रोग विभाग में आई.ए.पी. यूजी क्विज का आयोजन किया गया। मेडिकल कॉलेज चित्तौड़गढ़ की ओर से बैच-2022 की छात्रा अंकिता यादव एवं छात्र कुश वशिष्ठ ने प्रतियोगिता में भाग लिया।

प्रतियोगिता के प्रथम चरण में लिखित स्क्रीनिंग राउंड आयोजित किया गया। इसके बाद चयनित पांच-पांच टीमों ने ऑडियो-विजुअल राउंड में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपने ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता और विषय की गहरी समझ का प्रदर्शन किया।

यूजी वर्ग में मेडिकल कॉलेज चित्तौड़गढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज उदयपुर की टीम प्रथम रनर-अप और पी.एम.सी.एच. उदयपुर की टीम द्वितीय रनर-अप रही।

मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. प्रमोद तिवारी, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश वैष्णव, अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. अनिश जैन, शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. महेन्द्र कुमार बालोत तथा असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. माधुरी पारीक ने विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता मेडिकल कॉलेज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रमाण है।

इसी क्रम में नवंबर के प्रथम सप्ताह में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली आई.ए.पी. क्विज प्रतियोगिता में देश के प्रसिद्ध मेडिकल कॉलेजों की टीमों के साथ मेडिकल कॉलेज चित्तौड़गढ़ की विजेता टीम भी भाग लेगी। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में कॉलेज की टीम के प्रदर्शन को लेकर सभी ने शुभकामनाएं दी हैं।

Tags: