चित्तौड़गढ़ पुलिस लाइन में शहीद दिवस पर वीर जवानों को नमन, शस्त्र झुकाकर दी शोक सलामी
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह की उपस्थिति में शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा जवानों ने रक्तदान और पौधारोपण कर श्रद्धांजलि दी।
चित्तौड़गढ़ पुलिस लाइन में पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर शहीदों की स्मृति में पौधे लगाते पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी।
चित्तौड़गढ़ में बुधवार को पुलिस लाइन में पुलिस शहीद दिवस आयोजित कर राष्ट्र की सेवा में कर्तव्य निभाते हुए प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया। शहीदों के सम्मान में शस्त्र झुकाकर शोक सलामी दी गई और राइफल से दो-दो राउंड फायरिंग कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
पुलिस शहीद दिवस समारोह में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने इस वर्ष शहीद हुए पुलिसकर्मियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने देश के सभी प्रांतों, केंद्र शासित प्रदेशों और अर्द्धसैनिक बलों के विभिन्न संवर्गों के साथ राजस्थान के शहीद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पदनाम और नामों का वाचन कर उन्हें सम्मान दिया।
पुलिसकर्मियों के कर्तव्य निर्वहन के दौरान दिए गए बलिदान की स्मृति में पुलिस लाइन ग्राउंड स्थित राइफल और टोपी से बने शहीद स्मारक पर पुलिस अधीक्षक ने पुष्पचक्र अर्पित किया। इस दौरान संचित निरीक्षक अनिल पांडे के नेतृत्व में एमबीसी और पुलिस की सम्मान गार्ड ने शस्त्र उलटकर शोक शस्त्र किया। दिवंगत आत्माओं के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा गया। पुलिस बैंड के जवानों ने लास्ट पोस्ट की धुन बजाई। परेड में शामिल पुलिसकर्मियों ने शहीदों के सम्मान में राइफल से दो-दो राउंड फायरिंग की।
समारोह में मौजूद पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी शहीद पुलिसकर्मियों को सलामी दी गई।
पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर शहीदों की स्मृति में पौधारोपण भी किया गया। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं, जिले के विभिन्न थानों, पुलिस लाइन और पुलिस कार्यालयों में पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह, अशोक कुमार, पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी मौजूद रहे। शस्त्र झुकाकर शोक सलामी, मौन और पुष्पांजलि के साथ आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के सर्वोच्च बलिदान को सम्मानपूर्वक याद किया गया।