बस्सी। प्रातकाल संवाददाता। बस्सी थाना पुलिस ने करीब 30 लाख रुपये कीमत के टाटा ट्रेलर की धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से खुर्द-बुर्द किया गया टाटा ट्रेलर मय ट्रोला बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी पर परिवादी की गाड़ी को बदनियति से खुर्द-बुर्द कर उसे करीब 30 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 29 जुलाई 2026 को इन्द्रा मार्केट, बस्सी निवासी रतनलाल खटीक ने बस्सी थाने में लिखित रिपोर्ट पेश की थी। रिपोर्ट में परिवादी ने बताया कि उसने अपनी टाटा ट्रेलर गाड़ी पर चालक के तौर पर इन्द्रा मार्केट, बस्सी निवासी कन्हैयालाल पुत्र भग्गू खटीक को नियुक्त किया था। कुछ समय बीतने के बाद चालक ने गाड़ी का हिसाब नहीं दिया और न ही गाड़ी परिवादी को दिखाई। गाड़ी के बारे में पूछने पर वह इधर-उधर की बातें करने लगा।

परिवादी ने आरोप लगाया कि चालक कन्हैयालाल ने बदनियति से उसकी गाड़ी को खुर्द-बुर्द कर दिया, जिससे उसे करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ। रिपोर्ट के आधार पर बस्सी थाने में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा तथा वृत्ताधिकारी ग्रामीण दिनेश सुखवाल के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी बस्सी प्रेमसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी कन्हैयालाल उर्फ काना काफी समय से अपनी सकुनत से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से प्रकरण से संबंधित करीब 30 लाख रुपये कीमत का टाटा ट्रेलर मय ट्रोला बरामद कर जब्ती की कार्रवाई की।

पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्त से मामले के संबंध में अनुसंधान कर रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी प्रेमसिंह, एएसआई भैरूलाल, कांस्टेबल अनिल कुमार और लादूलाल शामिल रहे।

Tags: