विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और भाजपा कार्यकर्ता चित्तौड़गढ़ से सांवलियाजी की ओर पैदल यात्रा करते दिख रहे हैं।

चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र की पंचायत समिति चित्तौड़गढ़ और भदेसर में भाजपा के प्रधान व उपप्रधान बनने की मनोकामना पूरी होने पर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने शनिवार को सांवलियाजी तक पदयात्रा निकाली। पंचायतीराज चुनाव में मिली भारी सफलता के बाद निकाली गई इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

पदयात्रा शहर के कीर्ति प्लाजा स्थित भाजपा चुनाव कार्यालय से शुरू हुई। विधायक आक्या के साथ नवनिर्वाचित प्रधान भंवरसिंह खरड़ी बावड़ी, मांगी बाई भील, नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी, उपप्रधान शंकरी बाई, रचना लढ्ढा, उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सीपी नामधराणी, नगर मंडल अध्यक्ष गौरव त्यागी, चुनाव कार्यालय प्रभारी ओमप्रकाश शर्मा, शैलेन्द्र झंवर और तेजपाल रेगर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पदयात्रा में शामिल हुए।

पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ता पूरे रास्ते बैंड-बाजों और भजनों की धुन पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। जगह-जगह ग्रामीणों ने विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान माल्यार्पण किया गया और उपरना ओढ़ाकर सम्मान भी किया गया।

पदयात्रा आगे बढ़ने के साथ ही रास्ते में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इससे जुड़ते चले गए। कुछ ही दूरी तय करने के बाद पदयात्रा में शामिल लोगों की संख्या सैकड़ों तक पहुंच गई। पंचायत समिति चित्तौड़गढ़ और भदेसर में भाजपा के प्रधान व उपप्रधान बनने की मनोकामना पूरी होने पर विधायक आक्या की ओर से निकाली गई यह पदयात्रा सांवलियाजी तक पहुंचने के लिए शुरू की गई।

Tags: