डूंगला पंचायत समिति उपप्रधान पद पर कांग्रेस की मंजू देवी गाडरी विजयी
| 17 सदस्यीय बोर्ड में कांग्रेस को 11 वोट मिले, भाजपा के उंकार लाल गुर्जर को 5 मत और एक वोट नोटा को गया; दोनों पदों पर कांग्रेस का कब्जा कायम।
डूंगला पंचायत समिति उपप्रधान चुनाव में 11 वोट से कांग्रेस की मंजू देवी गाडरी निर्वाचित हुईं।
डूंगला पंचायत समिति के उपप्रधान पद पर कांग्रेस की मंजू देवी गाडरी निर्वाचित हुईं। शनिवार को संपन्न हुए चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी उंकार लाल गुर्जर को हराकर जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही पंचायत समिति में प्रधान और उपप्रधान दोनों पदों पर कांग्रेस ने कब्जा बरकरार रखा।
उपप्रधान पद के निर्वाचन के लिए शनिवार को चुनाव प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस की ओर से मंजू देवी गाडरी और भाजपा की ओर से उंकार लाल गुर्जर ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन पत्रों की जांच के बाद दोनों प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान का समय निर्धारित किया गया।
मतदान प्रक्रिया के दौरान दोपहर 3:15 बजे भाजपा के पांच सदस्य एक साथ मतदान करने पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस के 11 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। भाजपा के एक सदस्य के मतदान के लिए नहीं पहुंचने से कुछ देर असमंजस की स्थिति बनी रही। हालांकि, बाद में उक्त सदस्य ने भी मतदान किया।
डूंगला पंचायत समिति के 17 सदस्यीय बोर्ड में कांग्रेस के 11 और भाजपा के 6 सदस्य निर्वाचित हुए थे। शनिवार को हुए उपप्रधान चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मंजू देवी गाडरी को 11 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी उंकार लाल गुर्जर के पक्ष में पांच मत पड़े। भाजपा के एक सदस्य ने नोटा का विकल्प चुना।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। प्रधान और उपप्रधान दोनों पदों पर कांग्रेस प्रत्याशियों के निर्वाचित होने के बाद कार्यकर्ताओं ने पंचायत समिति के बाहर जमकर आतिशबाजी की। इस तरह डूंगला पंचायत समिति में उपप्रधान पद पर भी कांग्रेस ने अपना बहुमत कायम रखा।