चित्तौड़गढ़ जिले के बड़ीसादड़ी में शराब पीने के लिए रुपये देने से इनकार करने पर एक युवक के साथ मारपीट कर उसकी मोटरसाइकिल छीनने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दर्जियों का मोहल्ला, बड़ीसादड़ी निवासी शुभम माली के रूप में हुई है। मामले में इससे पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की जा चुकी है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी विक्रम जोगी पुत्र वाग जोगी (18) निवासी टांडा बंजारा डूंगरिया, तहसील घाटोल, जिला बांसवाड़ा ने 27 अगस्त 2026 को बड़ीसादड़ी थाने में उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि 11 अगस्त 2026 को शाम करीब 7 बजे वह अपने निजी कार्य से गांव टांडा बंजारा से बड़ीसादड़ी आया था। यहां बिजली कार्यालय के सामने बैंक के पास उसने अपनी मोटरसाइकिल नंबर RJ 03 VS 0585 पेशाब करने के लिए रोकी।

इसी दौरान वहां पहले से खड़े 3-4 अज्ञात व्यक्तियों ने उससे शराब पीने के लिए जबरन रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी मोटरसाइकिल नंबर RJ 03 VS 0585 छीनकर मौके से फरार हो गए। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 211/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेन्द्र सिंह यादव आईपीएस के आदेश की पालना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह आरपीएस के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिश्चन्द्र सिंह आरपीएस के सुपरविजन में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की गई। थानाधिकारी बड़ीसादड़ी भगवानलाल पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में लक्ष्मीलाल सहायक उपनिरीक्षक सहित पुलिस जाब्ते की टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने वांछित आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर उनकी तलाश की। इस दौरान शुभम पिता मननलाल माली निवासी दर्जियों का मोहल्ला, बड़ीसादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया। अनुसंधान के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, इस प्रकरण में पूर्व में गजेन्द्र मीणा, अजय और ललित माली को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई थी। अनुसंधान के बाद पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को भी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सहायक उपनिरीक्षक लक्ष्मीलाल के साथ राजकुमार, अजीत कुमार और ओमप्रकाश शामिल रहे।

Tags: