चित्तौड़गढ़ के कल्लाजी वेदपीठ पर 25 क्विंटल गन्नों से सजा दीपोत्सव, राममय हुई कल्याणनगरी
वेदपीठ पर पहली बार गन्नों से भव्य सजावट की गई। धनतेरस से गोवर्धन पूजा तक वैदिक अनुष्ठान हुए, अब देवउठनी एकादशी पर अन्नकूट महोत्सव होगा।
चित्तौड़गढ़ के कल्लाजी वेदपीठ परिसर में गन्ने और पुष्पों से सजे रथ पर विराजमान ठाकुरजी का पूजन करते पुजारी
चित्तौड़गढ़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ पर इस बार पंच दिवसीय दीपोत्सव के दौरान भक्ति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। दीपोत्सव के अवसर पर पहली बार वेदपीठ परिसर को करीब 25 क्विंटल गन्नों के पौधों से सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। पांच दिनों तक चले धार्मिक आयोजनों, वैदिक अनुष्ठानों और भव्य सजावट से पूरी कल्याणनगरी दीपोत्सव के रंग में रंगी रही।
धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को ठाकुरजी को भगवान धन्वंतरि के स्वरूप में मनोहारी शृंगार धारण कराया गया। इसके बाद आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि का विधिवत पूजन किया गया। वहीं, कल्याण चौक स्थित जयमल जी कल्लाजी चतुर्भुज स्वरूप प्रतिमा परिसर में 501 दीप प्रज्ज्वलित कर आतिशबाजी के बीच प्रतिमा का माल्यार्पण किया गया। दीपोत्सव के धार्मिक आयोजनों ने कल्याणनगरी को भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर कर दिया।
कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी रविवार को ठाकुरजी की संध्या महाआरती के बाद वेदपीठ परिसर में वैभव पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान ठाकुरजी के आकर्षक रथ सहित कल्याण भक्तों के सैकड़ों दोपहिया और चौपहिया वाहनों का वेदपीठ के आचार्यों एवं बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक पूजन किया।
कार्तिक कृष्ण अमावस्या को प्रकाश पर्व दीपोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शुभ मुहूर्त में वेदपीठ परिसर में महालक्ष्मी पूजन संपन्न हुआ। इसके साथ ही नगर के विभिन्न व्यावसायिक एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी वेदपीठ के आचार्यों एवं बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महालक्ष्मी पूजन कराया। इस दौरान कल्याणनगरी सहित देश-प्रदेश में सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की गई।
दीपोत्सव का विशेष आकर्षण ठाकुरजी का भगवान श्रीराम के स्वरूप में किया गया शृंगार रहा। इसके माध्यम से कल्याणनगरी को अयोध्या के रूप में साकार करने का भावपूर्ण प्रयास किया गया। ठाकुरजी की मनोहारी झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। वहीं, सतरंगी विद्युत रोशनी से जगमगाता वेदपीठ परिसर भी भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। पंच दिवसीय दीपोत्सव को लेकर कल्याणनगरी में विशेष उत्साह देखने को मिला और धार्मिक आयोजनों तथा रोशनी से पूरे क्षेत्र में उत्सवी वातावरण बना रहा।
विष्णु सहस्त्रनाम हवन एवं श्री सूक्त पाठ का अनुष्ठान जारी
वेदपीठ के आचार्यों एवं बटुकों ने कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा से विष्णु सहस्त्रनाम की आहुतियों के साथ हवन एवं श्री सूक्त पाठ का अनुष्ठान प्रारंभ किया। यह धार्मिक अनुष्ठान देव प्रबोधनी एकादशी तक प्रतिदिन श्री कल्लाजी मंदिर के बटुकों द्वारा संपन्न किया जाएगा।
मंदिर के आचार्य ने बताया कि इस अनुष्ठान का उद्देश्य सर्वजन कल्याण के साथ सभी के सुखी, समृद्ध और आरोग्यपूर्ण जीवन की मंगल कामना करना है। इसी भावना के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन एवं श्री सूक्त पाठ किए जा रहे हैं।
गौशाला में गोवर्धन पूजा के साथ पहली बार गौ नवरात्रि अनुष्ठान शुरू
कल्याण लोक स्थित कल्याण गौशाला में मंगलवार को गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कल्याण भक्तों एवं ग्रामीणों ने गौसेवा को सर्वोपरि मानते हुए गौमाता का विधिवत पूजन-अर्चन किया। भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धननाथ स्वरूप का अभिजीत मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजन किया गया।
गौशाला परिसर में विराजित भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के बाद गौमाता को लापसी, गुड़ एवं हरे चारे का भोग लगाया गया। इसके बाद विधिवत आरती कर गौमाता का पूजन किया गया तथा उन्हें लापसी एवं मिष्ठान का प्रसाद समर्पित किया गया। इस अवसर पर गौमाता के लिए 11 क्विंटल हरा चारा, 5 क्विंटल लापसी और 51 किलो लड्डुओं का भोग अर्पित किया गया। गौसेवा एवं अन्नदान के इस आयोजन में भक्तों और ग्रामीणों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर कल्याण गौशाला परिसर में पहली बार नौ दिवसीय गौ नवरात्रि अनुष्ठान का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके अंतर्गत नौ दिनों तक लगातार अखंड रामायण पाठ होगा। साथ ही प्रतिदिन सुरभि स्तोत्र का पाठ भी किया जाएगा। वैदिक मंत्रों की गूंज, भक्ति-साधना और गौसेवा के संकल्प के साथ गौशाला परिसर धर्ममय वातावरण से आलोकित हो उठा।
देव प्रबोधनी एकादशी पर छप्पन भोग और भव्य अन्नकूट महोत्सव की तैयारी
वेदपीठ की परंपरा के अनुसार इस वर्ष देव प्रबोधनी एकादशी पर कल्याणनगरी के राजाधिराज ठाकुरजी का मनोहारी शृंगार कर छप्पन भोग एवं भव्य महा अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
वेदपीठ के पदाधिकारियों ने बताया कि देवोत्थापन एकादशी की संध्या वेला में ठाकुरजी की महाआरती के बाद अन्नकूट महोत्सव की महाप्रसादी का आयोजन होगा। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। पंच दिवसीय दीपोत्सव के साथ शुरू हुए धार्मिक आयोजनों की यह श्रृंखला देव प्रबोधनी एकादशी तक जारी रहेगी।