चित्तौड़गढ़ दुर्ग में पर्यटकों की भारी भीड़ से बढ़ी रौनक, पाडन पोल से पद्मिनी पैलेस तक जाम से परेशानी
दीपोत्सव की छुट्टियों के कारण चित्तौड़गढ़ दुर्ग में देसी-विदेशी पर्यटकों की आवक बढ़ी, वाहनों के दबाव से पाडन पोल मार्ग पर घंटों यातायात बाधित।
चित्तौड़गढ़ दुर्ग के रास्ते पर लगी गाड़ियों और ऑटो की कतार से जाम लगा दिख रहा है।
चित्तौड़गढ़। विश्व प्रसिद्ध चित्तौड़गढ़ दुर्ग में दीपोत्सव की छुट्टियों और पर्यटन सीजन के चरम पर पहुंचने के साथ ही देशी-विदेशी पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। शौर्य और बलिदान के प्रतीक इस ऐतिहासिक दुर्ग में प्रतिदिन हजारों पर्यटक पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती आवक से जहां पर्यटन व्यवसाय से जुड़े स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं दुर्ग के संकरे रास्तों पर लगने वाला जाम सैलानियों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
पर्यटन सीजन शुरू होने के बाद दुर्ग के प्रवेश द्वार पाडन पोल से लेकर अंदरूनी हिस्सों तक वाहनों की आवाजाही कई गुना बढ़ गई है। पर्यटकों की कारों, बसों और निजी वाहनों के एक साथ दुर्ग में प्रवेश करने से सड़कों पर सैकड़ों मीटर लंबी कतारें लग रही हैं। इसके चलते दुर्ग के विभिन्न मार्गों पर यातायात का दबाव लगातार बना हुआ है।
विशेष रूप से सुबह के समय पर्यटकों के दुर्ग पहुंचने और शाम को वापसी के दौरान पाडन पोल से कालिका माता मंदिर तथा पद्मिनी पैलेस तक घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। वाहनों की लंबी कतारों के बीच फंसने से पर्यटकों को अपने कीमती समय का बड़ा हिस्सा सड़क पर ही बिताना पड़ रहा है।
दीपोत्सव के अवकाश के चलते चित्तौड़गढ़ दुर्ग में पर्यटकों की भारी आवाजाही ने पर्यटन गतिविधियों को गति दी है, लेकिन संकरे मार्गों पर बढ़ते यातायात और जाम की समस्या ने ऐतिहासिक धरोहर के भ्रमण को पर्यटकों के लिए चुनौतीपूर्ण बना दिया है।