चित्तौड़गढ़ में 10,140 बालिकाओं को लगा HPV टीका, राशमी-निंबाहेड़ा समेत चार ब्लॉक आगे
चित्तौड़गढ़ जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 10,140 बालिकाओं को टीका लगाया जा चुका है। जानिए किस ब्लॉक में कितनी बालिकाओं का टीकाकरण हुआ और किन चार ब्लॉकों का प्रदर्शन रहा सराहनीय।
चित्तौड़गढ़ जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है।
चित्तौड़गढ़ जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 10,140 पात्र बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है। जिले में अभियान को गति देने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। राशमी, निंबाहेड़ा, बड़ीसादड़ी और डूंगला ब्लॉक ने टीकाकरण में विशेष सक्रियता दिखाते हुए सराहनीय प्रदर्शन किया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचन्द गुप्ता ने बताया कि जिले में निर्धारित पात्रता के अनुसार अब तक कुल 10,140 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। ब्लॉकवार आंकड़ों के अनुसार, चित्तौड़गढ़ ब्लॉक में सर्वाधिक 1,463 बालिकाओं का टीकाकरण हुआ है। इसके बाद निंबाहेड़ा में 1,460, रावतभाटा में 1,149 और बड़ीसादड़ी में 1,071 बालिकाओं को टीका लगाया गया है।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा ने बताया कि डूंगला ब्लॉक में 906, राशमी में 759, गंगरार में 714, बेगूं में 712, भदेसर में 710, भूपालसागर में 641 और कपासन में 555 बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
अब तक की प्रगति में राशमी, निंबाहेड़ा, बड़ीसादड़ी और डूंगला ब्लॉक ने विशेष सक्रियता एवं सहभागिता प्रदर्शित की है। इन ब्लॉकों की चिकित्सा टीमों और मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के समन्वित प्रयासों को अन्य ब्लॉकों के लिए भी प्रेरणास्रोत बताया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी ब्लॉकों से आपसी सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और समन्वित प्रयासों के माध्यम से अभियान को और गति देने की अपेक्षा की है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (बीसीएमओ), चिकित्सा अधिकारियों, एएनएम, सीएचओ और आशा सहयोगिनियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सभी पात्र बालिकाओं की पहचान करें और उनका शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएं। विभाग के अनुसार, एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विभाग ने 'बेटियों का स्वास्थ्य, हमारा संकल्प' का संदेश देते हुए सभी से मिलकर चित्तौड़गढ़ को एचपीवी टीकाकरण में अग्रणी जिला बनाने की अपील की है। अभियान का संदेश है, 'एक टीका-सुरक्षित भविष्य की ओर एक मजबूत कदम।'