चित्तौड़गढ़: बागलेश्वर महादेव मंदिर में स्नेह मिलन, स्वर्ण पदक विजेता पहलवान सम्मानित
राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले पहलवान लोकेश गुर्जर सहित अन्य खिलाड़ियों को व्यायामशाला में सम्मानित किया गया।
चित्तौड़गढ़ के बागलेश्वर महादेव मंदिर व्यायामशाला में दीपावली स्नेह मिलन समारोह के दौरान सम्मानित पहलवान।
चित्तौड़गढ़। गांधीनगर स्थित बागलेश्वर महादेव मंदिर परिसर की बालाजी प्रशिक्षण संस्थान व्यायामशाला में दीपावली के अवसर पर स्नेह मिलन समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर व्यायामशाला का नाम रोशन करने वाले पहलवानों की उपलब्धियों को विशेष रूप से सराहा गया। कार्यक्रम में आरएसएस प्रांत प्रमुख भूपेन्द्र आचार्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह में क्षेत्रीय पार्षद नगेन्द्र सिंह राठौड़, भगवतीलाल शर्मा और नन्दकिशोर व्यास विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता चन्द्रशेखर कुमावत ने की। इस अवसर पर व्यायामशाला के सभी पहलवानों को उपरना ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। व्यायामशाला परिवार की ओर से पहलवानों, अतिथियों और उपस्थित सभी लोगों को मिठाई एवं नमकीन के पैकेट वितरित किए गए।
व्यायामशाला सचिव कमलेश गुर्जर ने पहलवानों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि बीते एक वर्ष में संस्थान के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किए। इसी क्रम में चेन्नई में आयोजित अभाविप बीच रेसलिंग चैम्पियनशिप में राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतने वाले पहलवान लोकेश गुर्जर व्यायामशाला के ऐसे एकमात्र पहलवान बने। उनकी इस उपलब्धि को संस्थान के लिए विशेष उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया गया।
विष्णु शर्मा ने वर्षभर आयोजित किए गए सभी कार्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं, बृजेश कुमार राठौड़ ने वीररस से ओतप्रोत काव्यपाठ प्रस्तुत कर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि संघ प्रांत प्रमुख भूपेन्द्र आचार्य ने भामाशाहों और जनप्रतिनिधियों से बालाजी प्रशिक्षण संस्थान व्यायामशाला को अधिकाधिक सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सहयोग के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतने वाले बालक एवं बालिका पहलवानों की प्रतिभा को भविष्य में और बेहतर निखारने का अवसर मिल सकेगा।
समारोह में रामगोपाल लौहार, दशरथ सनाढ्य, बसंतीलाल पंचोली, आनंद शर्मा, श्याम सिंधी, विजय कुमार गांछा, जगपालसिंह राणावत, रमेश जड़िया, भूपेन्द्र सिंह पंवार, कुलदीप शर्मा और मनोहर लौहार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अंत में संस्थापक कमलेश गुर्जर ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।