बड़ी सादड़ी पुलिस थाने में भाईदूज पर दुर्गा वाहिनी ने जवानों को रक्षा सूत्र बांधा।

बड़ी सादड़ी। दीपावली के उल्लास और भाईदूज के पावन अवसर पर बड़ी सादड़ी पुलिस थाने में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश देखने को मिला। थाना परिसर में दीपावली पूजन और भाईदूज मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों और दुर्गा वाहिनी की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

थानाधिकारी भगवान लाल मेघवाल के नेतृत्व में पुलिस थाना परिसर में माता लक्ष्मी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद पुलिस स्टाफ को मिठाई वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान सभी के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।

दुर्गा वाहिनी की सदस्यों ने पुलिस जवानों को बांधा रक्षा सूत्र

दीपावली मिलन और भाईदूज के अवसर पर दुर्गा वाहिनी की ओर से भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। संयोजिका गरिमा नागौरी के नेतृत्व में पहुंची सदस्यों ने थानाधिकारी भगवान लाल मेघवाल सहित पुलिस जवानों के माथे पर तिलक लगाया, मिठाई खिलाई और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा।

इस अवसर पर थानाधिकारी भगवान लाल मेघवाल ने दुर्गा वाहिनी की सदस्यों को उनकी सुरक्षा का वचन दिया और उपहार भेंट किए। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों और दुर्गा वाहिनी की सदस्यों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में दुर्गा वाहिनी की सह संयोजिका पद्मा सेन, भारती चंदनबाला, हिमांशी, मुस्कान, कृष्णा, संगीता, उमा और काजल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं पुलिस थाने का पूरा स्टाफ भी आयोजन में शामिल हुआ। दीपावली पूजन से लेकर भाईदूज पर रक्षा सूत्र बांधने तक हुए इस आयोजन ने पर्व के धार्मिक और सामाजिक महत्व को साझा किया।

Tags: