बड़ी सादड़ी की बागरिया बस्ती में आयोजित धर्मसभा के दौरान संत अनंत राम जी महाराज श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे हैं।

बड़ी सादड़ी। श्री सिद्ध पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान, बड़ी सादड़ी की ओर से प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाली रामधुन की श्रृंखला के तहत 255वीं रामधुन का आयोजन किया गया। रविवार सुबह 6:45 बजे आनंदधाम श्री रामद्वारा चौक से प्रारंभ हुई रामधुन नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कानोड़ दरवाजा स्थित बागरिया बस्ती पहुंची। यहां बस्ती के लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ रामधुन का स्वागत किया।

बागरिया बस्ती में बालाजी संस्थान की ओर से संस्कार केंद्र भी संचालित किया जाता है। रामधुन के बस्ती पहुंचने पर बागरिया समाज के बंधुओं ने स्वागत किया। इस दौरान रामधुन में शामिल सभी भक्तजनों ने बस्ती स्थित मां हिंगलाज के दर्शन किए। इसके बाद सामूहिक रूप से विजय मंत्र और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

पाठ के पश्चात धर्मसभा का आयोजन हुआ, जिसमें बागरिया समाज के प्रतिनिधियों ने पूज्य संत श्री अनंत राम जी महाराज का स्वागत किया। धर्मसभा को संबोधित करते हुए संत अनंत राम जी महाराज ने कहा कि दीपोत्सव प्रकाश का पर्व है, जो जीवन में नवीन ऊर्जा का संचार करता है। इस अवसर पर हमें यह भी विचार करना चाहिए कि समाज का कोई भी अंग वंचित न रहे और दीपोत्सव का प्रकाश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ आज रामधुन बागरिया बस्ती पहुंची है। सामाजिक समरसता और सभी वर्गों तक पर्व की खुशियां पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बालाजी संस्थान के सहयोगकर्ताओं एवं संत अनंत राम जी महाराज की ओर से बागरिया बस्ती के सभी परिवारों को मिठाई वितरित की गई।

धर्मसभा के समापन पर उपस्थित सभी भक्तजनों को प्रसाद वितरित किया गया। 255वीं रामधुन के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ समाज के वंचित वर्गों तक दीपोत्सव की खुशियां और आपसी सद्भाव का संदेश पहुंचाया गया।

Tags: