तस्वीर में बेगूं नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव के दौरान प्रमाण पत्र सौंपते हुए अधिकारी और विजेता प्रत्याशी नजर आ रहे हैं।   

नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी गरिमा शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी ममता धाकड़ को 13 मतों से हराकर जीत दर्ज की। सोमवार को पंचायत समिति सभागार में हुए मतदान में गरिमा शर्मा को 24 मत मिले, जबकि ममता धाकड़ के पक्ष में 11 मत पड़े। कुल 35 पार्षदों ने मतदान किया।

रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया की मौजूदगी में सुबह 10 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। भाजपा, कांग्रेस एवं निर्दलीय पार्षद मतदान के लिए पहुंचे। मतदान के बाद मतगणना की गई, जिसमें भाजपा की गरिमा शर्मा को 24 मत और कांग्रेस की ममता धाकड़ को 11 मत प्राप्त हुए। रिटर्निंग अधिकारी अंकित सामरिया ने गरिमा शर्मा को 13 मतों से विजयी घोषित किया।

गरिमा शर्मा की जीत की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इस दौरान आतिशबाजी की गई और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर बधाई दी।

चुनाव के दौरान विधायक प्रतिनिधि शंभूलाल धाकड़, भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन गोपाल धाकड़, नगर पालिका चुनाव संयोजक सतीश खेमका, पूर्व पालिका अध्यक्ष कैलाशचंद शर्मा, पूजा सोनी, अर्जुन गिल, राकेश गुरुजी, नारायण चतुर्वेदी, गोपाल धाकड़, निर्मल माली, पूर्व पार्षद निर्मला डीडवानिया, गोपाल डीडवानिया, कुलदीप डीडवानिया, नरेश सुथार, नरेश गुर्जर, अर्जुन व्यास सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

वहीं प्रशासनिक व्यवस्था के तहत तहसीलदार गोपाल जीनगर, डीएसपी अंकित कुड़ी, नायब तहसीलदार नाना लाल धाकड़, कमलेश कुलदीप तथा थाना अधिकारी चंपाराम पुलिस जाप्ते के साथ मौजूद रहे। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया के बाद गरिमा शर्मा की जीत के साथ बेगूं नगर पालिका के अध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न हुआ।

Tags: