तस्वीर में कपासन में खेल मैदान बचाने और भ्रष्टाचार की जांच की मांग को लेकर धरने पर बैठे लोग और पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत नजर आ रहे हैं।

सीनियर सेकेंडरी स्कूल कपासन के खेल मैदान को बचाने और जमीन से जुड़े मामले में कथित भ्रष्टाचार की जांच सहित विभिन्न मांगों को लेकर पूर्व जिला अध्यक्ष भेरूलाल चौधरी के नेतृत्व में चल रहे अनिश्चितकालीन आमरण अनशन को राजस्थान सरकार के पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने पहुंचकर नैतिक समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली इस मामले को सदन में रखेंगे।

जाड़ावत ने कहा कि खेल मैदान की जमीन को कथित रूप से खुर्द-बुर्द करने के मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा जनप्रतिनिधियों को भी इस मामले में घेरते हुए कहा कि प्रशासन को पूरे प्रकरण का संज्ञान लेकर जांच करानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

पूर्व राज्यमंत्री ने कहा कि जिला कलेक्टर को स्वयं इस मामले में संज्ञान लेकर अनशनकारियों की मांगों पर उचित कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि आगामी 16 अगस्त को निम्बाहेड़ा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कराने को लेकर भी जिला कलेक्टर से आग्रह किया जाएगा, ताकि खेल मैदान से संबंधित समस्या मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जा सके।

आमरण अनशन में अनिल मोची, भेरू बारेगामा, राजीव सोनी, प्रकाश जाट, मुकेश जाट एवं सत्यनारायण माली शामिल हैं। अनशन स्थल पर चिकित्सक द्वारा अनशनकारियों के स्वास्थ्य का परीक्षण भी किया गया।

इस अवसर पर विक्रम जाट, रणजीत लोट, महेंद्र शर्मा, गोविंद शर्मा, प्रमोद सिंह तंवर एवं नवरतन जीनगर सहित कपासन विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। अनशनकारियों ने खेल मैदान की जमीन से संबंधित विभिन्न मांगों पर शीघ्र कार्रवाई के साथ पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

Tags: