खेत पर सो रहे परिवार पर चड्डी-बनियान गिरोह का धावा, आभूषण और नकदी लूटकर तीन लोगों को कमरे में किया बंद
चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी क्षेत्र में पाल रोड स्थित खेत पर सो रहे परिवार पर 7-8 नकाबपोश चड्डी-बनियान गिरोह ने धावा बोलकर आभूषण और 16 हजार रुपये नकद लूट लिए। वारदात के बाद तीन लोगों को कमरे में बंद कर बदमाश फरार हो गए। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है।
तस्वीर में चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी क्षेत्र स्थित घटनास्थल पर बिखरा सामान और बैठी महिलाएं दिखाई दे रही हैं।
बस्सी। चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी सहित आसपास के क्षेत्र में बदमाशों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में पाल रोड स्थित एक खेत पर 7-8 नकाबपोश चड्डी-बनियान गिरोह के सदस्यों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मौका-मुआयना किया। बदमाश महिलाओं के गले में पहने मांदलिया, टॉप्स, पायजब, सोने के मोती तथा 16 हजार रुपये नकदी सहित अन्य आभूषण लूटकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घोंसुडी चौराहे से पाल रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित एक खेत पर बने कमरे के बाहर चंदा ढोली, शांति भांड और रतन ढोली सो रहे थे। इसी दौरान चड्डी-बनियान पहने 7-8 नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। वहां सो रही चंदा ने शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उसे चुप रहने की हिदायत दी। इसके बाद उन्होंने चंदा ढोली के गले में पहना मांदलिया, कान के टॉप्स, सोने के मोती, पायजब की जोड़ी तथा 16 हजार रुपये नकद लूट लिए। इसके अलावा शांति भांड का मांदलिया, मोबाइल फोन, चांदी के कान के लोंग, पर्स और चांदी की अंगूठी भी छीन ली। बदमाशों ने रतनलाल ढोली की अंगूठी भी उतरवा ली।
रात्रि करीब एक बजे हुई इस घटना के बाद तीनों लोग सकते में आ गए, लेकिन बदमाशों का आतंक यहीं नहीं रुका। उन्होंने खेत पर बने कमरे में घुसकर अलमारी की तलाशी ली और इसके बाद तीनों को कमरे में बंद कर मौके से फरार हो गए। बाद में लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मौका-मुआयना किया। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इधर, बस्सी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार सीएलजी की बैठकों में भी यह मुद्दा उठाया गया, लेकिन केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया गया। बीती रात हुई इस घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। उल्लेखनीय है कि बस्सी क्षेत्र में खेतों में लगी पानी की मोटरों, विद्युत तारों तथा अलग-अलग गांवों में चोरी की घटनाएं आम हो चुकी हैं। बदमाशों के बढ़ते आतंक से आमजन परेशान हैं, जबकि अब तक कई मामलों का खुलासा नहीं हो सका है।