बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के पीएम श्री विद्यालय बोहेड़ा में पंचायत आम चुनाव 2026 के तहत शत-प्रतिशत मतदान के उद्देश्य से आयोजित मतदाता जागरूकता संवाद कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थी और शिक्षक।

बड़ी सादड़ी में स्वीप टीम का मतदाता जागरूकता अभियान, 100% मतदान का लक्ष्य

बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। स्वीप टीम बड़ी सादड़ी ने विद्यालय स्तर पर रैलियां और विद्यार्थियों से संवाद कार्यक्रम आयोजित कर आगामी चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लिए मतदाताओं को जागरूक किया। टीम ने विद्यार्थियों के माध्यम से मतदान की तारीख, समय और आवश्यक जानकारी उनके परिवारों तक पहुंचाने का अभियान चलाया।

स्वीप टीम के प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि पंचायत आम चुनाव 2026 के तहत 14 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य तथा 16 नवंबर को पंच और सरपंच के चुनाव होंगे। मतदान का समय प्रातः 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक रहेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

अभियान के तहत विनायका, पंदेड़ा, महात्मा गांधी विद्यालय बोहेड़ा और पीएम श्री विद्यालय बोहेड़ा के विद्यार्थियों के साथ रैलियां और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भगवत सिंह शक्तावत ने ‘वोट हमारी जिम्मेदारी’ और ‘सारे काम छोड़कर सबसे पहले वोट दो’ के नारे के साथ मतदान के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों ने अपने प्रत्यक्ष परिजन मतदाताओं दादा-दादी, ताऊ-ताई, माता-पिता, चाचा-चाची और भैया-भाभी तथा अप्रत्यक्ष मतदाता नाना-नानी, मामा-मामी, मौसी, बुआ-फूफा, जीजा-जीजी सहित सभी मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने और मतदान कराने का संकल्प लिया।

आज की रैलियां और संवाद कार्यक्रम राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के निर्देशानुसार, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू एवं जिला स्वीप टीम के प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में तथा रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में आयोजित किए गए। खंड के स्वीप टीम के प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा, सह प्रभारी अधिकारी खेमराज मीणा और जगदीश चंद्र धाकड़, खंड मुख्य शिक्षा अधिकारी के सानिध्य में टीम मतदाताओं को जागरूक करने के लिए पूरी ताकत के साथ प्रयासरत है।

अभियान में टीम के सहयोगी सदस्यों कैलाश चंद्र रावत, रामेश्वर लाल मेघवाल, शंभू लाल अहीर, हुसैन बोहरा और शारिक मंसूरी सहित विद्यालयों के प्रधानाचार्य शंकर लाल बुनकर, कैलाश चंद्र में नरिया, भूपेंद्र भंडारी और सुभाष चंद्र बोकर तथा विद्यालयों का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

पूरे उपखंड क्षेत्र में विद्यार्थियों के माध्यम से अभिभावक मतदाताओं तक चुनाव की तिथि और समय की सूचना पहुंचाई गई। सरकारी विद्यालयों के लगभग 12,900 उपस्थित विद्यार्थियों ने अपने-अपने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष अभिभावकों तक मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाया, जिससे लगभग 65,100 परिवारों तक यह संदेश पहुंचा। इसे एक ऐतिहासिक आंकड़ा बताया गया है।

वहीं पीएम श्री विद्यालय बोहेड़ा में 18 वर्ष पूर्ण करने वाले दो दर्जन विद्यार्थियों के मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया संबंधित बूथ लेवल अधिकारी के माध्यम से पूर्ण करवाई गई। विद्यालयों के विद्यार्थियों और स्वीप टीम के इस संयुक्त प्रयास से पंचायत आम चुनाव 2026 में शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

Tags: