आकोला में गूंजे भारत माता की जय के नारे, भव्य तिरंगा प्रभात रैली में उमड़ा उत्साह
आकोला नगर पालिका में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य तिरंगा प्रभात रैली निकाली गई। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तिरंगे के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए।
आकोला के नगर मार्गों से गुजरते हुए हाथों में तिरंगा लिए प्रभात फेरी में शामिल छात्र-छात्राएं और शिक्षक।
आकोला नगर पालिका में राज्य सरकार एवं शिक्षा विभागीय दिशा-निर्देशानुसार ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत यूसीईईओ अधीनस्थ राउमावि, राबाउमावि एवं महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय आकोला के तत्वावधान में अध्यापक-अध्यापिकाओं और छात्र-छात्राओं ने भव्य तिरंगा प्रभात फेरी का आयोजन किया।
स्थानीय विद्यालय से रैली का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया। इसके बाद तिरंगा प्रभात रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली रंगीला चौक, नीम चौक, बस स्टेण्ड, शनिमहाराज चौराहा, पुलिया रोड और अखाड़ा चौक होते हुए पुनः राउमावि पहुंची।
रैली में सभी विद्यार्थी अपने हाथों में तिरंगा लेकर जोश-खरोश के साथ शामिल हुए। इस दौरान विद्यार्थी ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।
रैली के राउमावि पहुंचने के बाद विद्यार्थियों को अल्पाहार के रूप में फल वितरित किए गए। वहीं, सभी अधीनस्थ विद्यालयों की ओर से भी तिरंगा प्रभात रैली का आयोजन किया गया।
प्रातः काल संवाददाता नन्द लाल तेली, चित्तौड़गढ़।