शेयर बाजार में कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव और सूचकांकों के आंकड़ों को दर्शाती ग्राफिक्स स्क्रीन।

शेयर बाजार आज बढ़त और गिरावट के मिले-जुले रुख के साथ कारोबार करता नजर आया। पश्चिम एशिया में जारी तनाव, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिका द्वारा 100 फीसदी टैरिफ लगाने की खबरों के बीच घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 100 अंक लुढ़ककर 74,182.62 के स्तर पर खुला, जबकि निफ्टी ने 23,195.25 पर अपने कारोबार की शुरुआत की। हालांकि, इसके बाद बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहा और यह फ्लैट चाल में नजर आया, जिससे निवेशकों के बीच हलचल बनी रही।

शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 में उछाल और 10 में गिरावट दर्ज की गई। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड में सबसे अधिक 1.40 फीसदी की तेजी देखी गई और यह 391.80 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि एचडीएफसी बैंक में सबसे अधिक 0.96 फीसदी की गिरावट के साथ यह लाल निशान में 715.50 पर ट्रेड कर रहा था। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, इटरनल-जोमैटो और टाटा स्टील में भी बढ़त देखने को मिली, जबकि टेक महिंद्रा, टीसीएस, एचसीएल टेक और इन्फोसिस गिरावट वाले शेयरों में शामिल रहे।

कारोबार आगे बढ़ने पर 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सुबह 10 बजे 0.18 फीसदी की तेजी के साथ 134.21 अंकों के उछाल के बाद 74,470.66 पर ट्रेड कर रहा था। वहीं इस दौरान निफ्टी भी 0.28 फीसदी की तेजी दिखाते हुए 64.20 अंक चढ़कर हरे निशान में 23,281.80 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, भारतीय बाजार पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों से जुड़े संकेतों और वैश्विक दबाव का असर देखा जा रहा है। ब्रेंट क्रूड के 105 डॉलर के आसपास रहने से भारत को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन तकनीकी स्तर पर बाजार के सपोर्ट जोन पर निवेशकों की पैनी नजर बनी हुई है। इससे पहले 16 सितंबर को शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ था, जहां सेंसेक्स 0.45 फीसदी चढ़कर 74,336.45 पर और निफ्टी 0.43 फीसदी बढ़कर 23,217.60 पर बंद हुआ था।