औरंगाबाद में दुर्गा पूजा पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च से पूर्व मुस्तैद पुलिस अधिकारी और सुरक्षा बल के जवान।

औरंगाबाद में दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए नगर थाना पुलिस अलर्ट मोड पर है। पूजा, शोभायात्रा, मूर्ति विसर्जन और रावण वध के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में पुलिस अधिकारियों ने बैठक कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए फ्लैग मार्च निकाला गया।

नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा और सर्किल इंस्पेक्टर फहीम आजाद खान ने थाने में पदस्थापित सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ बैठक की। इसमें दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात सुचारु रखने, महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक के बाद थानाध्यक्ष बबन बैठा, नगर अंचल इंस्पेक्टर फहीम आजाद खान, मुफस्सिल अंचल इंस्पेक्टर परवेज अख्तर, सब इंस्पेक्टर समीर कुमार सिंह और महिला थानाध्यक्ष अंजली कुमारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकाला। थाना परिसर से शुरू हुआ फ्लैग मार्च रमेश चौक, जिला परिषद, कलेक्ट्रेट गेट, महाराजगंज रोड, जामा मस्जिद रोड और शाहपुर मोहल्ला होते हुए धर्मशाला रोड स्थित दुर्गा मंदिर पहुंचा।

इसके बाद पुलिस टीम ने काली क्लब, क्लब रोड स्थित मंदिर, बिजली ऑफिस, रमेश चौक स्थित मां भारती क्लब, सेवा संकल्प चौक, बिराटपुर स्थित धर्मदास संगत, गांधीनगर, रामाबाध बस स्टैंड और पंचदेव मंदिर सहित दर्जनों पूजा पंडालों तथा विसर्जन घाटों का दौरा किया। पुलिस की ओर से देर रात तक बाइक गश्ती भी जारी रखी गई, ताकि पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों को सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करने और पंडालों में पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने आम लोगों से भी अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और दुर्गा पूजा का त्योहार शांति तथा भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा सभी प्रमुख पूजा पंडालों पर पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पूजा के दौरान गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस पूरी कवायद का उद्देश्य दुर्गा पूजा, शोभायात्रा, मूर्ति विसर्जन और रावण वध के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना है, ताकि पूरा पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।