अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
भीलवाड़ा में स्टेट हाईवे-12 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
बनेड़ा-जयपुर काकरोली स्टेट हाईवे नंबर 12 पर कंकोलिया तिराहे के पास शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
थाना पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात शाहपुरा मार्ग पर कंकोलिया तिराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार शिवराज (30) पुत्र रोशन लाल सांसी, निवासी आमली कॉलोनी बागोर, हाल निवासी माताजी का खेड़ा, गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एम्बुलेंस के चालक मुर्शिद खां और कम्पाउंडर अहसान अली खान ने तत्परता दिखाते हुए घायल शिवराज को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने रात में ही शव को सीएचसी की मोर्चरी में सुरक्षार्थ रखवाया।
शनिवार सुबह पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाया और शव गमगीन माहौल में परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक की पत्नी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।