तस्वीर में दो नकाबपोश बदमाश भीलवाड़ा की सड़क पर काली बाइक पर सवार होकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

भीलवाड़ा के सुभाष नगर थाना इलाके में दो नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े एक महिला को चलती स्कूटी से गिराकर उसके गले से सोने की चेन लूट ली। वारदात वर्धमान कॉलोनी में हुई, जहां महिला अपनी बेटी के साथ खरीदारी के लिए जा रही थीं। घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों लुटेरे और उनकी बाइक कैद हो गई। पुलिस ने बदमाशों की तस्वीरें सार्वजनिक करते हुए उनकी तलाश तेज कर दी है।

नागोरी मोहल्ला निवासी जय श्री (52) पत्नी विष्णु सोनी पिछले दिनों अपनी बेटी वंशिका के साथ दोपहर करीब 3 बजे मॉल से सामान खरीदने निकली थीं। मां-बेटी जब वर्धमान कॉलोनी में चारभुजा मेडिकल स्टोर के सामने पहुंचीं, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने जय श्री के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली।

चेन लूटने के बाद बदमाशों ने महिला को चलती स्कूटी से जोर का धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश सुभाष नगर थाने के सामने से होते हुए लव गार्डन और बस स्टैंड की तरफ भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही सुभाष नगर थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद वारदात स्थल से लेकर बदमाशों के भागने के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दोनों आरोपियों के चेहरे और उनकी बाइक कैद हो गई।

बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी हैं। साथ ही जिले के सभी थानों को अलर्ट पर रखते हुए आरोपियों की तस्वीरें भेजी गई हैं, ताकि लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

Tags: