भीलवाड़ा जिले में बनास नदी में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ बदलेियास थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो जेसीबी मशीनों सहित पांच वाहन जब्त किए हैं। श्रीपुरा और सोपूरा के बीच नदी में बजरी के स्टॉक से ट्रेलर में अवैध रूप से बजरी भरी जा रही थी। पुलिस की दबिश पड़ते ही मौके पर मौजूद अधिकांश चालक वाहन छोड़कर खेतों की तरफ भाग गए, जबकि एक ट्रेलर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रहलाद गुर्जर (23) पुत्र छोटूलाल गुर्जर निवासी रामनगर, थाना कोटड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से दो जेसीबी मशीन, एक ट्रेलर, बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी जसवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम 25 नवंबर को अवैध बजरी परिवहन की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान जीवा का खेड़ा चौराहे पर सूचना मिली कि श्रीपुरा और सोपूरा के बीच बनास नदी में पुलिया के पास नदी की बाईं तरफ बजरी के स्टॉक से जेसीबी मशीनों के जरिए ट्रेलर में बजरी भरी जा रही है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां दो जेसीबी मशीनों की मदद से ट्रेलर में बजरी भरी जा रही थी। मौके पर बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोटरसाइकिल भी मिली। पुलिस को देखकर वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई और अधिकांश चालक अपने वाहन छोड़कर खेतों की तरफ भाग निकले। इस दौरान पुलिस ने एक ट्रेलर चालक प्रहलाद गुर्जर को मौके पर पकड़ लिया।

पुलिस ने एक ट्रेलर, बिना नंबर का ट्रैक्टर मय ट्रॉली, दोनों जेसीबी मशीनों और मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने में खड़ा करवाया है। संगठित होकर अवैध बजरी खनन और परिवहन करने के मामले में प्रकरण दर्ज किया गया है। साथ ही खनिज विभाग को भी अलग से सूचना दी गई है। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जसवंत सिंह, हेड कांस्टेबल सांवलदान, कांस्टेबल विनोद कुमार, विनोद कुमार, अशोक कुमार और बनवारी लाल शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई में अवैध बजरी परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे पांच वाहनों को जब्त करने के साथ एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।

Tags: