भीलवाड़ा में संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को ‘संविधान संरक्षण मंच’ की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय संविधान के मूल्यों के संरक्षण, लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘हर घर संविधान अभियान’ शुरू करने पर चर्चा हुई।

मंच के संयोजक गौरव जीनगर ने बताया कि बैठक में उपस्थित सदस्यों ने भारतीय संविधान की गरिमा बनाए रखने, लोकतंत्र को मजबूत करने और सामाजिक सद्भाव कायम रखने के लिए संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण को आवश्यक बताया। इस दौरान संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में अधिवक्ता रोशन सालवी ने कहा कि नागरिकों में उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, संविधान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करना समय की आवश्यकता है।

अजय खोईवाल ने बताया कि संविधान संरक्षण मंच ने अपनी प्रथम बैठक में संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाने, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने तथा सामाजिक एकता और सद्भाव को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

बैठक का मुख्य संदेश ‘संविधान का सम्मान, लोकतंत्र की पहचान’ रहा। इस अवसर पर भगवती चण्डालिया, कैलाश पटेल, बाबूलाल सालवीं, मनोज खटीक, नारायण हिंगोनिया, लोकेश बसीटा, राजू रेगर, विजेश खोईवाल, नारायण काला, सुनील धोबी, पवन बैरवा, दीपक कोली, विजेश चंदेल एवं पवन कोटियाना सहित कई सदस्य उपस्थित थे।

Tags: