भाजपा दुपट्टा पहने केसर देवी जाट और अन्य नेता भीलवाड़ा में पार्टी सदस्यता के बाद जीत का निशान दिखाते हुए।   

भीलवाड़ा। रायपुर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। बहुमत के आंकड़े के बावजूद कांग्रेस को उस समय बड़ा झटका लगा, जब केसर देवी जाट ने पार्टी का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा ने इसके बाद उन्हें प्रधान पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया। इस घटनाक्रम से रायपुर पंचायत समिति में प्रधान पद का मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

पूर्व पीसीसी सदस्य प्रकाश चंद्र जाट केमूनिया की पत्नी केसर देवी जाट ने सहाड़ा विधायक लादू लाल पितलिया, भाजपा नेता कैलाश महता एवं पार्षद सुरेश तिवारी की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली। इसके बाद भाजपा ने उन्हें प्रधान पद के चुनाव में अपना प्रत्याशी घोषित किया। भाजपा के इस फैसले को कांग्रेस के बहुमत के समीकरण को चुनौती देने वाली रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

वहीं, कांग्रेस ने प्रधान पद के लिए पूर्व विधायक के पुत्र संदीप त्रिवेदी को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी को बहुमत के आधार पर अपने प्रत्याशी की आसान जीत की उम्मीद थी, लेकिन केसर देवी जाट के पाला बदलने से कांग्रेस की चुनावी रणनीति प्रभावित हुई है।

इस राजनीतिक घटनाक्रम में एक और अहम पहलू सामने आया है। केसर देवी जाट के साथ एक निर्दलीय उम्मीदवार भी भाजपा खेमे में पहुंच गया है। इससे प्रधान पद के चुनाव का गणित बदलता नजर आ रहा है। अब मुकाबला केवल संख्या बल तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि मतदान तक सदस्यों को अपने पक्ष में बनाए रखना दोनों दलों के लिए महत्वपूर्ण हो गया है।

रायपुर पंचायत समिति में हुए इस घटनाक्रम का असर पूरे सहाड़ा क्षेत्र की राजनीति पर पड़ना तय माना जा रहा है। भाजपा बदले हुए समीकरण को अपनी बड़ी कामयाबी मान रही है, जबकि कांग्रेस के सामने अपने सदस्यों को एकजुट रखने की चुनौती है।

अब सभी की निगाहें प्रधान पद के मतदान पर टिकी हैं। बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस के लिए चुनावी राह आसान नहीं दिखाई दे रही है। भाजपा ने केसर देवी जाट को उम्मीदवार बनाकर मुकाबले को नया मोड़ दे दिया है। यदि भाजपा मतदान तक बदले हुए समीकरण को कायम रखने में सफल रहती है, तो रायपुर पंचायत समिति में सत्ता का उलटफेर हो सकता है।

Tags: