1 अगस्त से भीलवाड़ा में माली समाज का राजनीतिक जागरूकता अभियान शुरू, हर पंचायत में होंगी विचार गोष्ठियां
भीलवाड़ा में राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा 1 अगस्त 2026 से राजनीतिक जागरूकता अभियान शुरू करने जा रही है। हर पंचायत मुख्यालय पर विचार गोष्ठियां आयोजित होंगी, जिनमें राजनीतिक प्रतिनिधित्व, शिक्षा, संगठन, सामाजिक विकास और नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
भीलवाड़ा, 31 जुलाई। राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा समाज में राजनीतिक चेतना और संगठनात्मक मजबूती के उद्देश्य से 1 अगस्त 2026 से जिलेभर में ‘‘राजनीतिक जागरूकता अभियान’’ शुरू करेगी। अभियान के तहत प्रत्येक पंचायत मुख्यालय पर विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से समाज के लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा के प्रदेश महामंत्री गोपाल लाल माली के सानिध्य में मांडल तहसील की ग्राम पंचायत केरिया से होगा। यहां महासभा के तहसील अध्यक्ष बंशीलाल माली के नेतृत्व में पहली विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी।
महासभा के जिला अध्यक्ष भैरूलाल माली ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में राजनीतिक जागरूकता बढ़ाना, युवाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करना तथा सामाजिक एकता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में आयोजित होने वाली गोष्ठियों में समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं और प्रबुद्ध नागरिक भाग लेंगे।
जिला महामंत्री सत्यनारायण माली ने बताया कि महासभा की टीम जिले के विभिन्न गांवों का दौरा करेगी। इन विचार गोष्ठियों में समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, शिक्षा, संगठन, सामाजिक विकास और अधिकारों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
महासभा के पदाधिकारियों के अनुसार यह अभियान चरणबद्ध तरीके से पूरे भीलवाड़ा जिले में संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से समाज को संगठित कर विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और भविष्य के लिए मजबूत नेतृत्व तैयार करने का प्रयास किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए महासभा के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे।