हमारा बोर्ड बना तो हर माहेश्वरी परिवार को रोजगार, अपना घर और तीसरी संतान की शिक्षा का खर्च उठाएगी महासभा
अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के सितंबर चुनाव से पहले त्रिभुवन काबरा और राजकुमार काल्या के पैनल ने भीलवाड़ा में विजन रखा। रोजगार, घर, तीसरी संतान की शिक्षा, यूनिवर्सिटी, हॉस्पिटल और एनबीएफसी की योजनाएं सामने आईं।
तस्वीर में भीलवाड़ा में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के चुनाव प्रत्याशी और पैनल के सदस्य नजर आ रहे हैं।
भीलवाड़ा, 25 अगस्त। अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के सितंबर में प्रस्तावित चुनाव को लेकर सभापति पद के प्रत्याशी त्रिभुवन काबरा और महामंत्री पद के प्रत्याशी राजकुमार काल्या ने मंगलवार सुबह चित्तौड़गढ़ रोड स्थित रेडियंस होटल में पत्रकार वार्ता कर अपने पैनल का विजन, चुनावी मुद्दे और भावी कार्ययोजना सामने रखी। उन्होंने कहा कि यदि उनका बोर्ड बनता है तो हर माहेश्वरी परिवार को रोजगार की गारंटी देने के साथ यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी परिवार की मासिक आय 30 हजार रुपए से कम न हो।
त्रिभुवन काबरा और राजकुमार काल्या ने कहा कि वे यह नहीं कहते कि पिछले 15 वर्षों में कोई काम नहीं हुआ, लेकिन समाज की अपेक्षा के अनुरूप विकास उस गति से नहीं हो पाया। उनके अनुसार, हर माहेश्वरी परिवार की अपनी छत हो, इसके लिए कार्ययोजना बनाकर अमल किया जाएगा। समाज की घटती आबादी को रोकने के उद्देश्य से महासभा किसी जरूरतमंद परिवार में तीसरी संतान होने पर उसकी शिक्षा का पूरा खर्च उठाएगी।
पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय सभापति पद के प्रत्याशी त्रिभुवन काबरा ने कहा कि बुलेट ट्रेन के जमाने में समाज को भी अपने विकास को तीव्र गति देनी होगी। माहेश्वरी समाज की अपने कार्यों से दुनिया में विशिष्ट पहचान बने, इसके लिए काम किया जाएगा। समाज के हर परिवार तक पहुंचकर सभी की भावनाओं के अनुरूप कार्य करना उनका लक्ष्य रहेगा।
महामंत्री पद के प्रत्याशी राजकुमार काल्या ने पैनल के सभी प्रत्याशियों का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि चुनाव एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है और चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी समाजजनों के बीच पहुंचकर अपनी बात रख रहे हैं। उनका पैनल किसी व्यक्ति विशेष या समूह के खिलाफ नहीं है, बल्कि वर्षों से व्यवस्थागत कमियों के कारण समाजजनों को हो रही परेशानियों के मुद्दों पर चुनाव लड़ रहा है।
काल्या ने कहा कि परिवर्तन समय की मांग है। महासभा के विभिन्न पदों पर ऐसे प्रत्याशियों का चयन होना चाहिए जिनके मन में बदलाव का जज्बा हो और जो वर्षों से चली आ रही व्यवस्था की कमियों को दूर करने के लिए समर्पित भाव से निरंतर सेवाएं दे सकें। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी ताकत पहचाननी होगी और त्रिभुवन काबरा टीम यानी पैनल को सेवा का अवसर देना होगा, जो समाज के सपनों को हकीकत में साकार करने का सामर्थ्य रखता है।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के आगामी चुनाव समाज में व्यापक परिवर्तन का संदेश लेकर आएंगे। समाज में सभी को आगे बढ़ने और प्रगति करने का अवसर मिले तथा समाज का सक्षम वर्ग कमजोर वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए तत्परता दिखाए, इसके लिए सामाजिक व्यवस्थाओं में बदलाव और परिवर्तन आवश्यक है। इसी परिवर्तन के मिशन को महासभा के चुनाव में आधार बनाकर मतदाताओं का विश्वास प्राप्त किया जाएगा।
काल्या ने कहा कि उनका लक्ष्य महासभा के माध्यम से ऐसे कार्य करना है, जिससे समाज का हर परिवार आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बन सके।
पैनल के प्रत्याशियों ने पत्रकार वार्ता में समाज के लिए प्रस्तावित ठोस कार्यों की रूपरेखा भी रखी। उन्होंने कहा कि समाज में कई बार ऐसे लोग पदों पर पहुंचे जिन्होंने सपने तो बहुत दिखाए, लेकिन अवसर मिलने के बाद समाज के लिए कोई ठोस काम नहीं कर पाए। समाज को भविष्य में सर्वांगीण प्रगति और विकास करना है तो शिक्षा, चिकित्सा से लेकर आर्थिक क्षेत्र तक ठोस कार्य करने होंगे।
उन्होंने कहा कि समाज की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलताएं हासिल करती रहें, इसके लिए उन्हें हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उनका लक्ष्य उन कार्यों को करना है जो अब तक नहीं हो पाए हैं। इसके तहत उच्च शिक्षा के लिए समाज की अपनी यूनिवर्सिटी स्थापित करने और स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में समाज की अपनी स्कूलों की चेन विकसित करने की योजना है, जहां समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा सुविधा उपलब्ध हो सके।
पैनल ने समाज की अपनी नॉन बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (एनबीएफसी) स्थापित करने की आवश्यकता भी बताई। इसके माध्यम से देश में समाज की विकास आधारित गतिविधियों और जरूरतमंदों के लिए फंड उपलब्ध कराया जा सकेगा।
समाजजनों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं वाजिब मूल्य पर उपलब्ध कराने के लिए देश में समाज की अपनी हॉस्पिटल चेन स्थापित करने की बात भी कही गई। माहेश्वरी समाज के व्यवसायियों और उद्यमियों को जोड़ने, उनकी समस्याओं के समाधान तथा उद्यमिता प्रोत्साहन के लिए जीतो की तर्ज पर माहेश्वरी इंडस्ट्री एंड ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (मीतो) की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया।
पैनल के प्रत्याशियों ने कहा कि वर्तमान युग कौशल प्रधान है और केवल डिग्री से काम नहीं चलता। युवाओं के पास कौशल दक्षता होना जरूरी है। ऐसे में महासभा के माध्यम से हर बड़े शहर में समाज का अपना स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने का लक्ष्य रहेगा।
सभापति पद के प्रत्याशी त्रिभुवन काबरा और महामंत्री पद के प्रत्याशी राजकुमार काल्या ने भीलवाड़ा के प्रमुख उद्यमी एवं समाजसेवी लादूराम बागड़ की सामाजिक क्षेत्र में मिल रही सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि आने वाले दिनों में लादूराम बागड़ की सेवाएं राष्ट्रीय स्तर पर जुड़कर पूरे देश में समाज को प्राप्त होंगी। पत्रकार वार्ता के अंत में आभार लादूराम बागड़ ने जताया, जबकि संचालन हरीश पोरवाल ने किया।
इससे पहले अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के चुनाव में सभापति पद के प्रत्याशी त्रिभुवन काबरा, महामंत्री पद के प्रत्याशी राजकुमार काल्या, अर्थमंत्री पद के प्रत्याशी प्रवीण लक्ष्मीनारायण सोमानी, संगठन मंत्री पद के प्रत्याशी बाबूलालजी मोहता और उप सभापति (पश्चिमांचल) पद के प्रत्याशी राकेशकुमारजी जाजू के भीलवाड़ा पहुंचने पर समाजजनों ने उनका भव्य स्वागत-अभिनंदन किया।
स्वागत करने वालों में श्रीगोपाल राठी, दिलीप तोषनीवाल, श्याम समदानी, अर्चित मूंदड़ा, अरविन्द चाण्डक, अंकित सोमानी, हर्ष राठी, सचिन काबरा, रौनक कोठारी, अंकित लाखोटिया, शंशाक बिरला, श्रीलाल कोगटा, लोकेश आगाल, सुभाष बाहेती आदि शामिल थे। महासभा के सितंबर में प्रस्तावित चुनाव में पैनल ने रोजगार, आवास, शिक्षा, चिकित्सा, आर्थिक आत्मनिर्भरता, कौशल विकास और सामाजिक व्यवस्थाओं में परिवर्तन को अपनी कार्ययोजना के प्रमुख मुद्दों के रूप में सामने रखा है।