सहाड़ा क्षेत्र के ग्रामीण और अभियान सदस्य गौ सम्मान आह्वान अभियान का बैनर व पर्चे दिखाते नजर आ रहे हैं।

गौ सम्मान की मांग को लेकर 17 दिसंबर को जयपुर में होने वाले राज्यस्तरीय गौ सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के गांवों में लगातार बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों और गौभक्तों को सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है। अभियान की जिला टोली ग्रामीणों से अधिकाधिक संख्या में जयपुर पहुंचकर अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान कर रही है।

गंगापुर में अभियान से जुड़े सदस्यों ने बताया कि 17 दिसंबर को जयपुर के विद्याधर नगर में भव्य गौ सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में लाखों गौभक्तों के एकत्रित होने का लक्ष्य रखा गया है। सम्मेलन के दौरान राज्य स्तर पर गौ सम्मान को लेकर प्रार्थना पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा।

गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत संपूर्ण भारत में चरणबद्ध तरीके से गौ सम्मान को लेकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए जा रहे हैं। अभियान के प्रथम चरण में तहसील स्तर तथा द्वितीय चरण में जिला स्तर पर प्रार्थना पत्र सौंपे जा चुके हैं। अब तीसरे चरण में राज्य स्तर पर जयपुर में मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र सौंपने की तैयारी की जा रही है।

इसी क्रम में अभियान की जिला टोली पिछले कई दिनों से सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर रही है। गांवों में बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों को अभियान के उद्देश्यों और आगामी कार्यक्रम की जानकारी दी जा रही है। साथ ही अधिकाधिक लोगों से हस्ताक्षर करवाकर 17 दिसंबर को जयपुर पहुंचने का आग्रह किया जा रहा है।

जिला टोली की ओर से आमली, महेंद्रगढ़, शिवरती, सल्यावड़ी, चिड़खेड़ा, नांदशा, डेलाना, कोशीथल, गलवा, उल्लाई, देवरिया, कांगनी, सालेरा एवं मटुनिया सहित कई गांवों में बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में ग्रामीणों और गौभक्तों को अभियान से जोड़ने के साथ जयपुर में होने वाले सम्मेलन की तैयारियों को लेकर जानकारी दी गई।

बैठकों में जिला टोली के राजेश रांका, सुनील सिंह राजपूत, आशीष कुमार एवं नंदकिशोर तेली उपस्थित रहे। टोली सदस्यों ने ग्रामीणों से गौ सम्मान आह्वान अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा 17 दिसंबर को विद्याधर नगर, जयपुर में आयोजित होने वाले गौ सम्मेलन में अधिकाधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। तहसील और जिला स्तर पर प्रार्थना पत्र सौंपने के बाद अब अभियान का अगला चरण राज्य स्तर पर जयपुर में आयोजित होने वाले सम्मेलन के माध्यम से आगे बढ़ेगा।

Tags: