गौ सम्मान आव्हान के दूसरे चरण में उमड़ेंगे गौभक्त, भीलवाड़ा कलेक्टरी पर सौंपेंगे प्रार्थना पत्र
भीलवाड़ा में 27 जुलाई को गौ सम्मान आव्हान के द्वितीय चरण में हजारों गौभक्त जुटेंगे और संकीर्तन रैली के साथ जिलाधीश कार्यालय पहुंचेंगे।
तस्वीर में विधायक अशोक कुमार कोठारी और अन्य गौभक्त भीलवाड़ा में गौ सम्मान आव्हान कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं।
सम्पूर्ण भारत में संतों-महंतों और महामण्डलेश्वरों के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे गौ सम्मान आव्हान के द्वितीय चरण के तहत 27 जुलाई 2026, सोमवार को भीलवाड़ा में हजारों गौभक्त एकत्रित होंगे। जिले की लगभग सभी तहसीलों से गौ भक्त चौपहिया वाहनों और बसों के माध्यम से बड़ी संख्या में भीलवाड़ा पहुंचेंगे।
जिला प्रचारक संत श्री लालजी महाराज ने बताया कि गौ सम्मान आव्हान कार्यक्रम के तहत हरिसेवा वाटिका में प्रातः 7 से 8 बजे तक अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद सुबह 8 से 9 बजे तक संगीतमय विजय मंत्र का सामूहिक जाप किया जाएगा। सुबह 9 से 10 बजे तक महामण्डलेश्वरों का मार्गदर्शन और आशीर्वचन होगा।
इसके पश्चात संकीर्तन प्रार्थना रैली प्रारम्भ होगी। यह रैली सीताराम जी की बावड़ी, सूचना केन्द्र चौराहा, बालाजी मार्केट, गोल प्याऊ चौराहा, अम्बेडकर सर्किल और मशीनरी मार्केट होते हुए जिलाधीश कार्यालय पहुंचेगी, जहां गौभक्तों की ओर से प्रार्थना पत्र सौंपा जाएगा।
अभियान के जिला समन्वयक सुनील जागेटिया, सम्भाग प्रभारी नंदकिशोर साहू और जिला प्रभारी जगदीश तेली ने बताया कि हजारों सनातनी इस कार्यक्रम में उपस्थित होकर गौ माता के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विधायक अशोक कुमार कोठारी की अध्यक्षता में तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न दायित्व सौंपे गए। गौ सम्मान आव्हान के द्वितीय चरण में होने वाला यह आयोजन 27 जुलाई को भीलवाड़ा में संकीर्तन प्रार्थना रैली के रूप में आयोजित होगा।