25 और 20 साल से फरार दो स्थायी वारंटी बिजोलिया पुलिस के हत्थे चढ़े, खेत और गांव से दबोचे गए
भीलवाड़ा जिले में वांछित अपराधियों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत बिजोलिया पुलिस ने 25 और 20 वर्षों से फरार दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। एक आरोपी खेत में काम करते समय पकड़ा गया, जबकि दूसरे को भेष बदलकर जुटाई गई आसूचना के आधार पर दबोचा गया।
भीलवाड़ा। जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिजोलिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्षों से फरार चल रहे दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 25 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी मदन लाल बंजारा (उम्र 56 वर्ष, निवासी रणछोड़पुरा थाना निम्बाहेड़ा सदर, जिला चित्तौड़गढ़; हाल गणेशपुरा थाना निम्बाहेड़ा) को गिरफ्तार किया। आरोपी आबकारी अधिनियम के एक और मारपीट से संबंधित दो मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस से बचने के लिए वह लगातार स्थान बदल-बदल कर रह रहा था। पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गणेशपुरा में खेतों पर काम करते समय गिरफ्तार कर लिया।
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने करीब 20 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी रामलाल शर्मा (उम्र 60 वर्ष, निवासी जाटो का मोहल्ला थाना चंदेरिया, जिला चित्तौड़गढ़; हाल आंवलेडा थाना बस्सी, जिला चित्तौड़गढ़) को गिरफ्तार किया। रामलाल शर्मा एक्सीडेंट के एक मामले में वांछित था और पहचान छिपाने के लिए अपना पता बदलकर किराए के मकानों में रह रहा था। पुलिस ने भेष बदलकर आसूचना जुटाई और उसे ग्राम आंवलेडा (चित्तौड़गढ़) से गिरफ्तार कर लिया।
विशेष अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में बिजोलिया पुलिस ने 25 और 20 वर्षों से फरार चल रहे दोनों स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर लंबे समय से लंबित मामलों में महत्वपूर्ण सफलता दर्ज की है।