चिड़ावा से गांव लौट रहा नारायण गुर्जर जयपुर में हुआ लापता, फोन ट्रांजैक्शन से बढ़ा रहस्य

चिड़ावा से गांव लौट रहा नारायण गुर्जर जयपुर में लापता, आखिरी लोकेशन और फोन ट्रांजैक्शन ने मामले को बनाया रहस्यमय।

Update: 2026-08-03 10:42 GMT

तस्वीर में 55 वर्षीय नारायण गुर्जर हल्के रंग की धारीदार शर्ट और गले में गहरे रंग का स्कार्फ पहने हुए नजर आ रहे हैं।

बनेड़ा उपखंड क्षेत्र की कंकोलिया ग्राम पंचायत के लसाड़िया गांव निवासी 55 वर्षीय नारायण गुर्जर पुत्र अमरचंद गुर्जर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। झुंझुनूं जिले के चिड़ावा में बोरिंग कंपनी में मजदूरी करने वाला नारायण गुर्जर 31 जुलाई को अपने गांव लौटने के लिए रवाना हुआ था, लेकिन आज तक घर नहीं पहुंचा। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं नारायण के लापता होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बनेड़ा थाने पहुंचकर पुलिस प्रशासन के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की और जल्द तलाश की मांग की।

जानकारी के अनुसार नारायण गुर्जर शुक्रवार, 31 जुलाई को शाम 7:40 बजे चिड़ावा से अपने गांव लसाड़िया लौटने के लिए निकला था। इसके बाद वह रास्ते से ही लापता हो गया। पुलिस जांच में सामने आई मोबाइल कॉल डिटेल के अनुसार नारायण की आखिरी लोकेशन जयपुर के H-7C स्कीम क्षेत्र में ट्रेस हुई है।

मामले में सबसे ज्यादा संदेह उसके मोबाइल से हुए संदिग्ध ट्रांजैक्शन को लेकर जताया जा रहा है। बताया गया कि 1 अगस्त की सुबह 10:45 से 11:15 बजे के बीच नारायण का फोन करीब आधा घंटा चालू रहा। इस दौरान परिजनों ने लगातार कॉल किए, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। इसी 30 मिनट की अवधि में उसके फोन से कुछ पैसों का ट्रांजैक्शन भी हुआ है। इसके बाद से मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा है।

नारायण गुर्जर के अचानक लापता होने और संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। मामले को लेकर पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल चरण सिसोदिया, पूर्व सरपंच सुरेश शर्मा, गोपाल गुर्जर, हेमराज गुर्जर, महादेव गाडरी, विनोद व्यास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण बनेड़ा थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को पूरे मामले से अवगत कराते हुए नारायण का जल्द से जल्द सुराग लगाने और निष्पक्ष जांच की मांग की।

वर्तमान में परिजनों और ग्रामीणों की एक टीम नारायण गुर्जर की तलाश में जयपुर रवाना हो चुकी है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। संदिग्ध ट्रांजैक्शन और अचानक मोबाइल बंद होने की घटना के चलते पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। नारायण की तलाश और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Tags:    

Similar News