भीलवाड़ा में 20 नवंबर को तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव की बारात शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु।  

भीलवाड़ा की धर्मनगरी में शुक्रवार, 20 नवंबर को भक्ति और आस्था का ऐसा विराट दृश्य देखने को मिला, जिसने 16,108 श्री तुलसी-शालिग्राम विवाह महामहोत्सव को ऐतिहासिक स्वरूप दे दिया। इस पावन आयोजन में राजाधिराज मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ हाथी पर सवार होकर बारात लेकर पहुंचे। भगवान की भव्य बारात में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। मेडिसिटी ग्राउंड में बारात के पहुंचने पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा और पुष्पवर्षा के बीच तोरण की रस्म संपन्न हुई।

इस भव्य आयोजन में भीलवाड़ा के बड़ा मंदिर, दूधाधारी मंदिर, संजय कॉलोनी मंदिर, मांडल, सांगानेर, दांथल, बिलिया और श्री सांवरिया सेठ मंदिर नौगांवा में स्थापित भगवान चारभुजानाथ भी बारात लेकर विवाह महामहोत्सव स्थल मेडिसिटी ग्राउंड पहुंचे। भगवान के स्वागत और बारात में शामिल होने के लिए हजारों श्रद्धालु एकत्रित हुए। कोई बारात में शामिल होकर भक्ति में सराबोर नजर आया तो कोई भगवान और बारातियों का स्वागत कर उल्लासित हुआ।

दिव्य बारात शोभायात्रा शुक्रवार सुबह आजादनगर स्थित एमपीएस स्कूल से रवाना हुई। इसमें मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ हाथी पर विराजमान होकर सबसे आगे चल रहे थे। उनके पीछे भीलवाड़ा के बड़े चारभुजानाथ और अन्य चारभुजानाथ के बेवाण वाहनों पर विराजित थे। श्रद्धालु भगवान के बेवाण के ऊपर चंवर ढोते हुए चल रहे थे। हजारों की संख्या में शामिल बाराती नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रहे थे, जबकि शहरवासी भगवान और बारातियों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत कर रहे थे।


\बारात में हाथी, घोड़ा, पालकी और जय कन्हैयालाल की, जय चारभुजानाथ की जैसे जयकारे गूंजते रहे। बैंड की स्वर लहरियों के बीच भगवान के विवाह से जुड़े गीतों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा कुंभा सर्किल और पन्नाधाय सर्किल होते हुए मेडिसिटी ग्राउंड पहुंची।

मेडिसिटी ग्राउंड में श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महोत्सव सेवा समिति और श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा संघ के सदस्यों ने बारात का स्वागत किया। आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज, मुख्य आचार्य योगेन्द्र शर्मा और आयोजन समिति के अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी सहित हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान की अगवानी की। इसके बाद तोरण की रस्म के दौरान लगातार पुष्पवर्षा होती रही। मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ ने हाथी पर विराजमान होकर तोरण मारा। इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

तोरण की रस्म पूरी होने के बाद पाणिग्रहण संस्कार की रस्में शुरू हुईं। मुख्य पांडाल में सबसे आगे श्री गढ़बोर चारभुजानाथ के विवाह के लिए वेदी सजाई गई थी। इसके पीछे भीलवाड़ा के बड़े चारभुजानाथ की विवाह वेदी तैयार की गई थी। वहीं, एक अन्य विशाल पांडाल में सैकड़ों वेदियां सजाई गई थीं। प्रत्येक वेदी पर चार-चार जोड़े जजमान के रूप में मौजूद थे, जो श्री तुलसीजी का भगवान शालिग्राम के साथ विवाह संपन्न करा रहे थे।

मुख्य आचार्य योगेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों पंडितों ने वैदिक विधि-विधान के साथ पाणिग्रहण विवाह की रस्में संपन्न कराईं। इस धार्मिक आयोजन का साक्षी बनने के लिए भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, नगर निगम महापौर जसवंत कंवर और उप महापौर राधेश्याम सोमाणी सहित विभिन्न अतिथि भी मंच पर पहुंचे। आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

16,108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव के तहत विवाह की प्रमुख रस्में पूरी होने के बाद शुक्रवार शाम को बारात विदाई की रस्म आयोजित होगी। इस तरह भीलवाड़ा में भगवान तुलसी-शालिग्राम के सामूहिक विवाह का यह आयोजन हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति और विभिन्न मंदिरों से निकली चारभुजानाथ की भव्य बारात के साथ संपन्नता की ओर बढ़ा।

Tags: