डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के पास खड़े लोग गंगापुर में संविधान दिवस कार्यक्रम में शामिल दिख रहे हैं।

गंगापुर (भीलवाड़ा)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को गंगापुर के कोर्ट चौराहे पर अंबेडकर विचार मंच की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मंच अध्यक्ष धीरज चंदेल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंबेडकर विचार मंच के अध्यक्ष धीरज चंदेल ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान अंगीकृत किया गया था। भारत का संविधान दुनिया के सबसे बड़े लिखित संविधानों में से एक है। संविधान निर्माण के दौरान बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का मूल विचार था कि देश के प्रत्येक नागरिक को समान रूप से न्याय, स्वतंत्रता और समानता का अधिकार मिले। इसके तहत गरीब-अमीर और उच्च जाति-निम्न जाति के भेदभाव से परे सभी नागरिकों को समान अधिकार देने की परिकल्पना की गई थी। इसी महान सोच और दूरदर्शिता को ध्यान में रखते हुए संविधान की रचना की गई।

चंदेल ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान करता है। बाबा साहब के विचार आज भी समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम में जगदीश जीनगर, मदन जीनगर, कृष्ण गोपाल जीनगर, बालकिशन चंदेल, शिवलाल चंदेल, गजेंद्र माली, देवकिशन जीनगर, सज्जन देवी बैरवा, नवरत्न चंदेल, नवरत्न बैरवा, संदीप हरिजन और बबलू हरिजन सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बाबा साहब को नमन करते हुए संविधान के मूल आदर्शों और समानता के सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता जताई गई।

Tags: