भीलवाड़ा में सोशल मीडिया पर नकली पिस्टल के साथ पोस्ट साझा कर दहशत फैलाने का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने हथियार के साथ फोटो पोस्ट कर गांव का माहौल बिगाड़ने की आशंका पैदा करने के आरोप में सुवाणा निवासी 25 वर्षीय युवक सुनील धोबी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में पोस्ट में दिखाई गई पिस्टल असली नहीं, बल्कि खिलौना निकली। इसके बावजूद पुलिस ने युवक की हरकत को शांति व्यवस्था के लिए खतरा मानते हुए कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को सोशल मीडिया निगरानी और मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि सदर थाना क्षेत्र के सुवाणा गांव निवासी सुनील धोबी पुत्र सुरेश चन्द्र धोबी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पिस्टल के साथ एक पोस्ट साझा की है। सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस की टीम ने युवक को डिटेन कर पूछताछ की। इसके साथ ही पोस्ट में दिखाई गई पिस्टल की जांच की गई, जिसमें वह नकली डमी पिस्टल पाई गई।

खिलौना पिस्टल से दहशत फैलाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, पिस्टल नकली होने के बावजूद सोशल मीडिया पर हथियार के साथ पोस्ट साझा करने से गांव में भय का माहौल बनने की आशंका थी। पुलिस ने माना कि इस हरकत से संज्ञेय अपराध घटित हो सकता था और गांव की शांति व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना थी। इसके चलते सुनील धोबी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां उसे पाबंद करने की कार्रवाई की गई।

एसपी के निर्देशन में चल रहा अभियान

जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ पोस्ट साझा कर आमजन में भय फैलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य और वृत्ताधिकारी सदर अंजली सिंह के सुपरविजन में सदर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रहलाद सहाय, हेड कांस्टेबल देवेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल ऋषिकेश और भंवर सिंह शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई के जरिए सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर आमजन में भय का माहौल पैदा करने वाली गतिविधियों पर कार्रवाई का संदेश दिया गया है।

Tags: