भीलवाड़ा: राष्ट्रपति पुलिस पदक विजेता स्व. रमजान अंसारी की पहली पुण्यतिथि मनाई गई
सामुदायिक सौहार्द समिति ने गोसेवा की, दिवंगत पुलिस अधिकारी की स्मृति में वॉलीबॉल मैच और काव्य गोष्ठी का भी आयोजन होगा।
तस्वीर में सफेद चश्मा पहने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी स्वर्गीय रमजान मौहम्मद अंसारी नजर आ रहे हैं।
भीलवाड़ा जिले में वर्षों तक ट्रेफिक पुलिस अधिकारी के रूप में सेवाएं देने वाले तथा भीलवाड़ा विद्युत थानाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त, राष्ट्रपति पुलिस पदक विजेता स्वर्गीय श्री रमजान मौहम्मद अंसारी की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी स्मृति में गौ सेवा की गई। सामुदायिक सौहार्द एवं समन्वय समिति के पूर्व सदस्य डॉ. अशोक सोडाणी ने समिति के सभी सदस्यों की ओर से गायों के लिए एक ट्रॉली हरा चारा श्री रामकृष्ण गो सेवा संस्थान को भेंट किया।
सांगानेर निवासी स्वर्गीय श्री रमजान मौहम्मद अंसारी 40 वर्षों से अधिक समय तक भीलवाड़ा जिले में सामुदायिक सौहार्द के लिए समर्पित रूप से कार्यरत रहे। 17 सितम्बर, गुरुवार को उनकी प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित गौ सेवा कार्यक्रम में उनके सामाजिक योगदान और सामुदायिक सौहार्द के लिए किए गए कार्यों को स्मरण किया गया।
इस अवसर पर सरदार श्री नरेंद्र सिंह छाबड़ा एवं सरदार श्री रणधीर सिंह छाबड़ा ने स्वर्गीय रमजान मौहम्मद अंसारी की आत्मा की शांति के लिए अरदास की।
स्वर्गीय रमजान मौहम्मद अंसारी के सहयोगी एवं अन्तर्राष्ट्रीय बालीबाल खिलाड़ी श्री ज्ञानमल खटीक तथा दौलत सिंह ने उनकी स्मृति में इसी माह स्थानीय चित्रकूट धाम स्टेडियम में बालीबाल का एक शो मैच करवाने की घोषणा की। वहीं, समिति के प्रवक्ता सुरेश बम्ब तथा सदस्य कवि रामनिवास रोनी ने भी इसी माह एक काव्य गोष्ठी आयोजित कराने की घोषणा की।
गौ सेवा, अरदास, बालीबाल शो मैच और काव्य गोष्ठी के माध्यम से स्वर्गीय रमजान मौहम्मद अंसारी की स्मृति को सामाजिक सौहार्द और समन्वय से जुड़े आयोजनों के साथ आगे बढ़ाने की पहल की गई।