तस्वीर में पुलिस सुरक्षा में लाए जा रहे गिरफ्तार आरोपी नजर आ रहे हैं।

भीलवाड़ा के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के सांगानेर स्थित कीर खेड़ा में हुई क्रॉस फायरिंग की घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

सुभाष नगर थाना अधिकारी कैलाश कुमार विश्नोई ने बताया कि सांगानेर कस्बे के कीर खेड़ा क्षेत्र में बीते दिनों कीर समाज के दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर आपसी विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस फायरिंग शुरू हो गई।

थाना अधिकारी विश्नोई के अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सांगानेर से ही तीन मुख्य आरोपियों लखन कीर, सोहन कीर और गोपाल कीर को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद तीनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने तीनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया।

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद तीनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। घटना के दौरान लखन कीर खुद देशी कट्टे से फायर कर रहा था। इसी दौरान कट्टा उसके हाथ में ही फट गया, जिससे उसके हाथ में चोट आ गई। इसके बाद वह प्राथमिक उपचार कराने के लिए अस्पताल पहुंचा, लेकिन उपचार के बाद अस्पताल से फरार हो गया था।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच समाज का ही विवाद और पुरानी रंजिश चल रही थी। फिलहाल तीन दिन के पुलिस रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियारों की बरामदगी के प्रयास कर रही है। मामले में पुलिस की जांच और हथियारों की बरामदगी की कार्रवाई आगे जारी है।

Tags: